‘एक शाम शहीदों के नाम’ में गूंजे देशभक्ति के स्वर
🔻रावणेश्वर हॉल में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन, वीर शहीदों के त्याग और बलिदान को किया गया नमन।
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।
जमुई: देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों के साहस, त्याग और बलिदान को नमन करने के उद्देश्य से अनुमंडल प्रशासन की ओर से शनिवार को स्थानीय रावणेश्वर हॉल में ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को राष्ट्रप्रेम से भर दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद कलाकारों ने देशभक्ति गीतों एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से वीर शहीदों की स्मृतियों को श्रद्धांजलि दी। भावपूर्ण प्रस्तुतियों के दौरान सभागार भारत माता के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि देश की सीमाओं पर तैनात सैनिक राष्ट्र की संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए निरंतर सजग रहते हैं। उनके त्याग और समर्पण के प्रति सम्मान व्यक्त करना समाज की जिम्मेदारी है। शहीदों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने वाले ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भी उनके योगदान से परिचित कराते हैं।
‘एक शाम शहीदों के नाम’ को शहीदों की स्मृति में समर्पित भावपूर्ण संध्या के रूप में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता सिंचाई प्रमंडल जमुई, उत्पाद अधीक्षक, जिला प्रशासन के कर्मी, मीडियाकर्मी और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment