एंबुलेंस में छिपाकर ले जा रहे थे बीयर, जमुई में 460 केन के साथ दो गिरफ्तार
🔻गिद्धौर के बानाडीह के पास उत्पाद विभाग की कार्रवाई, मरीज के बेड के नीचे बने विशेष बॉक्स से बरामद हुई 230 लीटर बीयर।
गिद्धौर, जमुई : शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उत्पाद विभाग की टीम ने रविवार सुबह गिद्धौर प्रखंड के बानाडीह के समीप एक निजी एंबुलेंस से 460 केन बीयर बरामद की। बरामद बीयर की कुल मात्रा करीब 230 लीटर बताई गई है। मामले में दो कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
उत्पाद विभाग के अनुसार, उत्पाद अधीक्षक के निर्देशन और उत्पाद थाना प्रभारी गौरी शंकर कुमार के नेतृत्व में जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एसआई अश्विनी कुमार की टीम ने संदिग्ध निजी एंबुलेंस को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान मरीज के बेड के नीचे बनाए गए एक विशेष बॉक्स से बीयर की केन बरामद हुईं। विभाग के अनुसार, एंबुलेंस का इस्तेमाल मरीज ले जाने की आड़ में शराब के परिवहन के लिए किया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखीसराय जिले के पिटी बाजार थाना क्षेत्र के चौरा राजपुर गांव निवासी सौरभ कुमार, पिता पप्पू सिंह और रामायणपुर गांव निवासी सत्यम कुमार, पिता बलराम शर्मा के रूप में हुई है।
उत्पाद विभाग ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ जिले में अभियान लगातार जारी है। कार्रवाई के बाद जब्त एंबुलेंस और बरामद शराब के संबंध में आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।

No comments:
Post a Comment