सातवें वेतनमान की मांग को लेकर शिक्षा मंत्री से मिले शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष आनंद कौशल सिंह
पटना। बिहार विशिष्ट अध्यापक प्रधान शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष आनंद कौशल सिंह ने गुरुवार देर रात सचिवालय में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों के वेतनमान से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर शिक्षा मंत्री को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से संघ ने राज्य के विशिष्ट शिक्षकों, विद्यालय अध्यापकों, प्रधान शिक्षकों, प्रधानाध्यापकों और पुस्तकालयाध्यक्षों को सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुरूप सही फिटमेंट मैट्रिक्स के साथ पूर्ण वेतनमान देने की मांग की।
राज्यकर्मी का दर्जा मिलने के बाद भी पे-मैट्रिक्स पर सवाल
प्रदेश अध्यक्ष आनंद कौशल सिंह ने कहा कि राज्यकर्मी का दर्जा मिलने के बावजूद शिक्षकों को अलग और कम पे-मैट्रिक्स दिया जाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को सातवें वेतन आयोग के अनुरूप वेतनमान का पूरा लाभ मिलना चाहिए।
उन्होंने बताया कि शिक्षकों की इस मांग को लेकर संघ की ओर से चलाए गए डिजिटल अभियान #BiharTeachersNeed7thPay को व्यापक समर्थन मिला है।
आनंद कौशल सिंह के अनुसार, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शिक्षक समाज की मांगों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया है। वहीं संघ ने स्पष्ट किया है कि राज्यकर्मी का दर्जा प्राप्त सभी श्रेणी के शिक्षकों को सातवें वेतनमान का पूर्ण लाभ मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

No comments:
Post a Comment