चकाई में ट्रक से चावल लूटकांड का खुलासा, सात बदमाश गिरफ्तार; 22 टन चावल बरामद
जमुई। चकाई थाना क्षेत्र में 14 अगस्त की रात हुए चावल लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने सात बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर मुजफ्फरपुर जिले के अलग-अलग गोदामों से करीब 22 टन लूट का चावल बरामद किया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार और एक मोबाइल सिम भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त की रात गिरिडीह-चकाई मुख्य मार्ग पर सरोन गांव के पास कार सवार बदमाशों ने चावल लदे ट्रक को रोक लिया था। इसके बाद चालक को अपने कब्जे में लेकर बेहोशी की हालत में मरांची थाना क्षेत्र में सड़क किनारे छोड़ दिया और ट्रक लेकर फरार हो गए। घटना को लेकर चकाई थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
300 से अधिक CCTV कैमरों की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए जमुई एसपी के निर्देश पर झाझा एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 300 से अधिक कैमरों की जांच की। इसी दौरान लूटे गए चावल का सुराग मुजफ्फरपुर जिले तक पहुंचा।
पुलिस ने फतेहपुर गांव स्थित राजू चौधरी के गोदाम से 215 बोरा चावल बरामद किया। उसकी निशानदेही पर जैतपुर थाना क्षेत्र के एक गोदाम से 91 बोरा और करजा थाना क्षेत्र में अनिल कुमार के गोदाम से 45 बोरा चावल बरामद किया गया। तीनों गोदामों से कुल 351 बोरा यानी करीब 22 टन चावल बरामद हुआ।
कई आरोपियों का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपियों में मुजफ्फरपुर जिले के मोहम्मद तैयब, मोहम्मद अनवर, मोहम्मद अफसर अली तथा जमुई के बरहट थाना क्षेत्र का नितीश कुमार शामिल है। पुलिस के अनुसार, मोहम्मद तैयब का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह पूर्व में भी ट्रक लूट की घटनाओं में शामिल रहा है और नवादा व पटना में जेल जा चुका है। हाल ही में वह पटना सेंट्रल जेल से ट्रक लूट के एक मामले में बाहर आया था।
नितीश कुमार का भी आपराधिक इतिहास बताया गया है। पुलिस अन्य गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब लूटे गए ट्रक की बरामदगी के लिए कार्रवाई कर रही है। साथ ही मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


No comments:
Post a Comment