जीविका-बिहार ग्रामीण बैंक की बैठक में ऋण वितरण की रणनीति
जमुई सदर और खैरा में हुई बैठक, स्वयं सहायता समूहों को समय पर ऋण एवं बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर।
जमुई। जीविका दीदियों को बैंकिंग सुविधाओं एवं ऋण का लाभ समय पर उपलब्ध कराने को लेकर सोमवार को जमुई सदर एवं खैरा प्रखंड कार्यालय में जीविका और बिहार ग्रामीण बैंक के अधिकारियों की समन्वय बैठक हुई। अध्यक्षता डीपीएम जीविका संजय कुमार ने की।
बैठक में 18 सितंबर को प्रस्तावित महा ऋण वितरण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई। स्वयं सहायता समूहों के लंबित बैंक खाते खोलने, ऋण प्रक्रिया में तेजी लाने और बैंकिंग सेवाओं को सुगम बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
डीपीएम संजय कुमार ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं विभिन्न आजीविका गतिविधियों के जरिए आत्मनिर्भर बन रही हैं। बैंक और जीविका के बेहतर समन्वय से अधिक संख्या में दीदियों को वित्तीय सेवाओं से जोड़ा जा सकता है।
बिहार ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक अमरदीप ने कहा कि बैंक जीविका दीदियों को स्वावलंबी बनाने के लिए हरसंभव सहयोग करेगा। ऋण वितरण एवं बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए जीविका के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।
बैठक में बैंक के अधिकारियों के अलावा जमुई सदर एवं खैरा के शाखा प्रबंधक, बीपीएम, क्षेत्रीय एवं सामुदायिक समन्वयक उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment