जमुई में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की पहल तेज, खैरा-सोनो-चकाई में हुई विशेष बैठक - City Channel

Breaking

Wednesday, September 9, 2026

जमुई में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की पहल तेज, खैरा-सोनो-चकाई में हुई विशेष बैठक

जमुई में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की पहल तेज, खैरा-सोनो-चकाई में हुई विशेष बैठक

▪️पंचायतों में खेल क्लबों के सुचारू संचालन पर जोर, जिला खेल पदाधिकारी ने विद्यालयों और खेल क्लब प्रतिनिधियों को दिए निर्देश।

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।

जमुई, 09 सितंबर 2026 : जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और सभी ग्राम पंचायतों में गठित खेल क्लबों को सुचारू रूप से संचालित करने को लेकर प्रखंडवार बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। जिला पदाधिकारी जमुई के निर्देश के आलोक में बुधवार को खैरा, सोनो और चकाई प्रखंड में निर्धारित समय और स्थान पर विशेष बैठकों का आयोजन किया गया।

बैठकों में जिला खेल पदाधिकारी श्री परिमल ने भाग लिया। उन्होंने विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, शारीरिक शिक्षा शिक्षकों तथा पंचायत खेल क्लबों के अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष को संबोधित किया। इस दौरान बिहार सरकार के खेल विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और खेल प्रोत्साहन नीतियों की जानकारी दी गई।

जिला खेल पदाधिकारी ने आगामी जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता एवं ‘मशाल’ खेल प्रतियोगिता के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं खेल क्लब प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में पंचायतों में नवनिर्मित एवं उपलब्ध खेल मैदानों के समुचित उपयोग और रख-रखाव पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने खेल मैदानों को स्थानीय खिलाड़ियों और ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए पूरी तरह क्रियाशील बनाने की आवश्यकता बताई।

जिला खेल पदाधिकारी ने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास के साथ अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य जमुई के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकें।

जिला प्रशासन की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को मजबूत करने और स्थानीय प्रतिभाओं को तराशने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Pages