जमुई बाजार उच्च विद्यालय में सखी वार्ता कार्यक्रम, बालिका शिक्षा और महिला सशक्तिकरण पर जोर - City Channel

Breaking

Tuesday, September 8, 2026

जमुई बाजार उच्च विद्यालय में सखी वार्ता कार्यक्रम, बालिका शिक्षा और महिला सशक्तिकरण पर जोर

जमुई बाजार उच्च विद्यालय में सखी वार्ता कार्यक्रम, बालिका शिक्षा और महिला सशक्तिकरण पर जोर

▪️छात्र-छात्राओं को सरकारी योजनाओं, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।

जमुई, 8 सितंबर 2026 : +2 उच्च विद्यालय, जमुई बाजार में महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार के अंतर्गत जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ विमेन (DHEW), जमुई की ओर से सखी वार्ता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महिला एवं बालिका सुरक्षा, शिक्षा, अधिकार, आत्मनिर्भरता तथा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।

जिला मिशन समन्वयक मुकेश कुमार ने मिशन शक्ति के उद्देश्यों और महिला-बालिका सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ विकाश कुमार ने बैंकिंग, बचत, डिजिटल लेन-देन और साइबर अपराध से बचाव के बारे में बताया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुरक्षा योजना, वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन, शक्ति सदन, नारी अदालत और पालना जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई। बालिकाओं को शिक्षा जारी रखने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।

OSC की केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी एवं मनो-सामाजिक परामर्शी शालू सिन्हा ने घरेलू हिंसा, संकट की स्थिति में सहायता और परामर्श सेवाओं के बारे में बताया। विद्यार्थियों को बाल विवाह, लैंगिक समानता, महिला हिंसा और साइबर अपराध के प्रति सजग रहने की अपील की गई।

विद्यार्थियों को आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी गई। अंत में बाल विवाह रोकने, महिला-बालिका सुरक्षा और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages