पटना में 24 सितंबर को ‘युवा बोले’, जमुई लोजपा ने बनाई रणनीति
जमुई में हुई बैठक में कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी, युवाओं से कार्यक्रम में पहुंचने की अपील।
जमुई। पटना में 24 सितंबर को प्रस्तावित ‘युवा बोले’ कार्यक्रम को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की जमुई इकाई सक्रिय हो गई है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के आह्वान पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में जमुई जिले से युवाओं और कार्यकर्ताओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श किया गया।
पार्टी नेताओं ने कहा कि वेटरिनरी कॉलेज मैदान, पटना में होने वाला यह कार्यक्रम युवाओं के विचारों और आकांक्षाओं को सामने रखने का मंच बनेगा। रोजगार, शिक्षा, कौशल, उद्यमिता और बिहार के विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर युवा अपनी बात रख सकेंगे।
नेताओं ने कहा कि बिहार के भविष्य में युवाओं की भूमिका अहम है। ‘युवा बोले’ के माध्यम से युवा शक्ति को एकजुट कर विकास और बेहतर भविष्य के संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस दौरान जिला अध्यक्ष जीवन सिंह, प्रदेश महासचिव चंदन सिंह, पूर्व प्रत्याशी रवि शंकर पासवान, सांसद प्रतिनिधि कारू सिंह समेत कई पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पार्टी ने जिले के युवाओं से 24 सितंबर को पटना पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।

No comments:
Post a Comment