24 सितंबर को पटना में होगा ‘युवा बोले’ कार्यक्रम, जमुई लोजपा ने की तैयारी बैठक
वेटरिनरी कॉलेज मैदान में जुटेंगे युवा, रोजगार, शिक्षा और बिहार के भविष्य को लेकर विचार साझा करने का दावा।
जमुई। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के नेतृत्व और आह्वान पर आगामी 24 सितंबर 2026 को पटना के वेटरिनरी कॉलेज मैदान में ‘युवा बोले’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारी को लेकर रविवार को जमुई में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई।
पार्टी नेताओं के अनुसार, कार्यक्रम में बिहार के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवा शामिल होंगे। इसका उद्देश्य युवाओं को एक मंच उपलब्ध कराना और रोजगार, शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता तथा बिहार के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर उनकी आवाज को सामने लाना है।
जमुई लोजपा (रामविलास) के नेताओं ने कहा कि आज का युवा अपने भविष्य और बिहार के विकास को लेकर जागरूक है। ‘युवा बोले’ के माध्यम से युवा शक्ति को एकजुट कर ‘नया सोच, नया बिहार और मजबूत बिहार’ के संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
बैठक में पार्टी की ओर से जिले के युवाओं और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पटना पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की गई। नेताओं ने इसे युवा शक्ति को अपनी बात रखने का मंच बताया।
तैयारी बैठक में जमुई जिला अध्यक्ष जीवन सिंह, प्रदेश महासचिव चंदन सिंह, पूर्व प्रत्याशी रवि शंकर पासवान, सांसद प्रतिनिधि सिकंदरा विधानसभा कारू सिंह, गुंजन तिवारी, दीपक सिंह, रंजन सिंह, गौतम पासवान, दानी पासवान, रोशन चंद्रवंशी और बबलू सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पार्टी की ओर से कार्यक्रम को लेकर नारा दिया गया— “युवा शक्ति का महासंगम—‘युवा बोले’ के संग!”

No comments:
Post a Comment