जमुई में मेगा ऋण वितरण शिविर, जीविका दीदियों ने निकाली 21 करोड़ से अधिक की ऋण राशि
🔻जिले के सभी 10 प्रखंडों में आयोजित हुआ अभियान, स्वरोजगार और आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर।
सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार
जमुई: जीविका दीदियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनकी आजीविका गतिविधियों को विस्तार देने के उद्देश्य से शुक्रवार को जमुई जिले में मेगा ऋण वितरण शिविर आयोजित किया गया। जीविका और विभिन्न बैंकों के संयुक्त समन्वय से जिले के सभी 10 प्रखंडों की बैंक शाखाओं में ऋण निकासी की प्रक्रिया संचालित हुई। शाम पांच बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार जिले में 21 करोड़ रुपये से अधिक की ऋण राशि की निकासी दर्ज की गई।
अभियान से पहले जीविका और बैंक प्रतिनिधियों के बीच समन्वय बैठक आयोजित कर ऋण वितरण को सुगम बनाने की रणनीति तैयार की गई थी। इसके बाद योग्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं तक बैंक ऋण की सुविधा पहुंचाने के लिए जीविका एवं बैंक टीमों ने लगातार समन्वय किया।
जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार, कृषि, पशुपालन, लघु उद्यम और अन्य जीविकोपार्जन गतिविधियों के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। ऋण राशि के माध्यम से महिलाएं अपनी मौजूदा गतिविधियों का विस्तार करने के साथ नई आजीविका भी शुरू कर सकेंगी। इससे परिवार की आय बढ़ाने और आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
शिविर की सफलता में जीविका के प्रबंधक-सूक्ष्म वित्त वीरेंद्र कुमार शर्मा, एफआई-नोडल सुनील कुमार, सभी 10 प्रखंडों के बीपीएम जीविका, क्षेत्रीय एवं सामुदायिक समन्वयकों तथा बैंक प्रतिनिधियों की भूमिका रही। बैंक मित्रों, जीविका कैडर्स और बड़ी संख्या में जीविका दीदियों ने भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।

No comments:
Post a Comment