जनता दरबार में 15 फरियादियों की सुनी गई शिकायतें, अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश
🔻अपर समाहर्ता बालमुकुंद प्रसाद ने कई मामलों का मौके पर किया निष्पादन, भूमि विवाद के सबसे अधिक 10 मामले।
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।
जमुई: ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ योजना के तहत शुक्रवार को जमुई में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) बालमुकुंद प्रसाद की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित जनता दरबार में जिले के ग्रामीण एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों से पहुंचे 15 फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं।
अपर समाहर्ता ने एक-एक कर सभी फरियादियों की शिकायतें ध्यानपूर्वक सुनीं। इस दौरान कई मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन भी किया गया। शेष मामलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनता दरबार में सबसे अधिक भूमि विवाद के 10 मामले सामने आए। इसके अलावा आवास योजना, पर्यावरण संरक्षण, जीविका, वासगीत पर्चा और बहाली प्रक्रिया से संबंधित एक-एक मामला प्राप्त हुआ।
अपर समाहर्ता ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का नियमानुसार गंभीरता से निष्पादन करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं करने और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने फरियादियों को आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाएगी। जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाकर उनके पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान की व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर जिला जन शिकायत कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी मो. नजरुल हक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment