जमुई में 20 उत्कृष्ट शिक्षकों को जिला शिक्षक पुरस्कार-2026 से किया गया सम्मानित
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।
जमुई। पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में 5 सितंबर को जमुई समाहरणालय में जिला शिक्षक पुरस्कार-2026 समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, नवाचार, कर्तव्यनिष्ठा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाले जिले के विभिन्न प्रखंडों से चयनित 20 उत्कृष्ट शिक्षकों को जिला पदाधिकारी ने प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया।
शिक्षकों की भूमिका को बताया महत्वपूर्ण
समारोह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने जिले की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी बनाने के लिए सामूहिक प्रयास पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद की समाप्ति के बाद जिले को उसके प्रभावों से पूरी तरह मुक्त कर विकास की मुख्यधारा में आगे बढ़ाने के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है। शिक्षा व्यवस्था को नई गति देना भी इन प्रयासों की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास केवल विद्यालय भवन और भौतिक संसाधनों से संभव नहीं है। इसके लिए योग्य, संवेदनशील और समर्पित शिक्षकों का मार्गदर्शन जरूरी है। उन्होंने शिक्षकों से पाठ्यक्रम आधारित शिक्षा के साथ बच्चों को व्यवहारिक ज्ञान देने तथा स्वच्छता, अनुशासन, सेवा भावना, श्रम के प्रति सम्मान और मानवीय मूल्यों का विकास करने की अपील की।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि शिक्षक अपने आचरण और कार्यशैली से विद्यार्थियों के सामने आदर्श प्रस्तुत करें और अपने ज्ञान व नेतृत्व के माध्यम से उन्हें जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनाने में योगदान दें।
विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की सीख
जिला पदाधिकारी ने विद्यार्थियों से अपने गुरुओं के प्रति सम्मान रखने, पूरी मेहनत और निष्ठा से पढ़ाई करने तथा नशे जैसी सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने की अपील की।
अपर समाहर्ता ने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक समाज में सकारात्मक बदलाव के महत्वपूर्ण वाहक हैं। यह पुरस्कार उपलब्धि के सम्मान के साथ भविष्य में और बेहतर कार्य करने की जिम्मेदारी भी है। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मान मिलने से शिक्षा के क्षेत्र में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्टता को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा), जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र सहित शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment