जमुई के पात्र कलाकारों को मिलेगा आर्थिक संबल, ‘कलाकार कल्याण कोष’ से ₹2 लाख तक की सहायता
▪️चिकित्सा, उच्च शिक्षा, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों, वाद्ययंत्र एवं कला सामग्री की खरीद के लिए मिलेगी वित्तीय मदद; पात्र कलाकार निर्धारित प्रपत्र में कर सकेंगे आवेदन।
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।
जमुई, 1 सितंबर 2026। बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग ने कलाकारों के कल्याण और उन्हें आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से ‘कलाकार कल्याण कोष’ के तहत वित्तीय सहायता की प्रक्रिया निर्धारित की है। योजना के माध्यम से जमुई जिले सहित राज्य के प्रतिभावान एवं जरूरतमंद कलाकारों को विभिन्न परिस्थितियों में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
योजना के तहत गंभीर बीमारी या दुर्घटना में इलाज के लिए वास्तविक खर्च अथवा अधिकतम ₹2 लाख तक की सहायता का प्रावधान है। इसका लाभ उन कलाकारों को मिलेगा, जो किसी सरकारी या निजी स्वास्थ्य बीमा योजना से आच्छादित नहीं हैं। इसके लिए स्व-शपथ पत्र और संबंधित चिकित्सा दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
इसके अलावा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में प्रस्तुति के लिए यात्रा एवं अन्य खर्च, दृश्य एवं प्रदर्श कला के क्षेत्र में उच्च शिक्षा, अनुसंधान तथा प्रतिष्ठित संस्थानों में अध्ययन के लिए भी अधिकतम ₹2 लाख तक की आर्थिक सहायता दी जा सकती है।
वहीं, संगीत एवं कला सामग्री तथा वाद्ययंत्रों की खरीद के लिए मूल बिल प्रस्तुत करने पर अधिकतम ₹50 हजार तक की सहायता का प्रावधान किया गया है।
₹30 हजार से अधिक मासिक आय वाले कलाकार नहीं होंगे पात्र
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की मासिक आय ₹30,000 से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदन के साथ अद्यतन आय प्रमाण-पत्र, कलाकार पंजीयन पोर्टल पर पंजीकरण का प्रमाण तथा कलात्मक उपलब्धियों से संबंधित दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा। एक कलाकार को एक वित्तीय वर्ष में केवल एक बार इस योजना का लाभ दिया जाएगा।
कहां भेजें आवेदन?
पात्र कलाकार अपने वर्तमान पत्राचार का पता, ई-मेल एवं मोबाइल नंबर सहित निर्धारित प्रपत्र में हस्ताक्षरित आवेदन निदेशक, सांस्कृतिक कार्य निदेशालय, नया सचिवालय, विकास भवन, तृतीय तल, पटना–800015 के पते पर भेज सकते हैं।
प्राप्त आवेदनों की समीक्षा के लिए गठित अनुदान समिति द्वारा प्रत्येक तीन माह में कम-से-कम एक बार बैठक की जाएगी और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सहायता प्रदान करने का अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

No comments:
Post a Comment