नेपाल आपदा के बीच जमुई प्रशासन अलर्ट, विदेश में फंसे लोगों की सुरक्षित वापसी पर नजर
▪️नेपाल में फंसे जमुई के लोगों के लिए प्रशासन ने खोला मदद का रास्ता, परिजनों से तुरंत संपर्क की अपील।
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।
जमुई : नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा के बाद जमुई जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए जिले के लोगों से जरूरी जानकारी साझा करने की अपील की है।
प्रशासन ने कहा है कि अगर जमुई जिले का कोई नागरिक नेपाल में फंसा हुआ है और परिवार के लोगों से उसका संपर्क नहीं हो पा रहा है, तो परिजन तत्काल अपने क्षेत्र के अंचलाधिकारी को इसकी सूचना दें।
सूचना देते समय प्रभावित व्यक्ति का पूरा विवरण उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि प्रशासन संबंधित जानकारी को राज्य आपदा प्रबंधन विभाग और उच्च अधिकारियों तक पहुंचा सके।
जिला प्रशासन का उद्देश्य नेपाल में फंसे जमुई के नागरिकों की स्थिति का पता लगाना, उनकी सुरक्षित वापसी के लिए समन्वय करना और जरूरत पड़ने पर आवश्यक राहत उपलब्ध कराना है।
प्रशासन ने आम लोगों के साथ-साथ मीडिया से भी अपील की है कि इस सूचना को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाएं, ताकि किसी प्रभावित परिवार को समय पर प्रशासनिक सहायता मिल सके।

No comments:
Post a Comment