भछियार में खुला जयशंकर निशुल्क शिक्षण केंद्र, गरीब बच्चों को मिलेगी मुफ्त शिक्षा
🔻प्रो. रामजीवन साहू के मार्गदर्शन में पहल शुरू, सभी जाति-धर्म के जरूरतमंद बच्चों को पढ़ाने की व्यवस्था।
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।
जमुई: शहर के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत भछियार मोहल्ले के वार्ड संख्या 25 में आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद बच्चों के लिए ‘जयशंकर निशुल्क शिक्षण केंद्र’ की शुरुआत की गई। विश्वकर्मा पूजा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर केंद्र का शुभारंभ किया गया।
केंद्र का संचालन प्रोफेसर रामजीवन साहू के मार्गदर्शन में मुकेश कुमार पासवान द्वारा किया जा रहा है। प्रो. रामजीवन साहू एकलव्य कॉलेज में प्रोफेसर रह चुके हैं। संचालकों के अनुसार, लंबे समय से जरूरतमंद बच्चों के लिए निशुल्क शिक्षण व्यवस्था शुरू करने का प्रयास किया जा रहा था, जिसे अब शिक्षण केंद्र के रूप में शुरू किया गया है।
केंद्र का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को बिना किसी शुल्क के शिक्षा उपलब्ध कराना है। ऐसे बच्चों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी, जो आर्थिक कठिनाइयों के कारण नियमित स्कूल या ट्यूशन की सुविधा नहीं ले पाते हैं। यहां मांझी समाज सहित सभी जाति और धर्म के जरूरतमंद बच्चों को समान रूप से पढ़ाने की व्यवस्था की गई है।
संचालकों ने बताया कि शिक्षा के माध्यम से बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने के साथ समाज में सामाजिक समरसता और समानता की भावना को मजबूत करना भी इस पहल का उद्देश्य है।
फिलहाल केंद्र में प्रतिदिन शाम 6 बजे से 7 बजे तक कक्षाएं संचालित की जाएंगी। केंद्र की ओर से स्थानीय अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से शिक्षण केंद्र भेजें और पढ़ाई के प्रति उन्हें प्रोत्साहित करें।
आयोजकों का कहना है कि आर्थिक स्थिति किसी बच्चे की शिक्षा में बाधा न बने, इसी उद्देश्य से यह पहल शुरू की गई है।

No comments:
Post a Comment