पुण्यस्मृति में गिद्धौर श्मशान घाट पर लगाए 11 पौधे, देखभाल का लिया संकल्प - City Channel

Breaking

Sunday, September 20, 2026

पुण्यस्मृति में गिद्धौर श्मशान घाट पर लगाए 11 पौधे, देखभाल का लिया संकल्प

पुण्यस्मृति में गिद्धौर श्मशान घाट पर लगाए 11 पौधे, देखभाल का लिया संकल्प

🔻‘साइकिल यात्रा एक विचार’ की 559वीं रविवारीय यात्रा, पौधरोपण के साथ श्मशान घाट परिसर को हराभरा बनाने की पहल।

गिद्धौर, जमुई: पूर्वजों की पुण्यस्मृति को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए साइकिल यात्रा एक विचार, जमुई मंच की ओर से रविवार को गिद्धौर स्थित श्मशान घाट के छोर पर 11 पौधे लगाए गए। यह आयोजन शिक्षाविद् स्व. दया नाथ झा एवं मंच के सदस्य मदन मोहन के पिता स्व. चंद्रगुप्त मंडल की पुण्यस्मृति में किया गया।

यह कार्यक्रम मंच की 559वीं रविवारीय यात्रा के क्रम में आयोजित हुआ। पौधों का चयन आध्यात्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए किया गया। पौधरोपण के बाद सदस्यों ने इन पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प भी लिया।

मंच के संस्थापक सदस्य विवेक कुमार एवं सदस्य भारद्वाज ने कहा कि पुण्यतिथि पर पौधरोपण पूर्वजों को श्रद्धांजलि देने का स्थायी माध्यम बन सकता है। पौधों के बड़े होने के साथ उनकी स्मृति भी लंबे समय तक जीवित रहेगी।

सदस्यों ने पौधरोपण स्थल पर एक छोटे पार्क के निर्माण की भी बात कही। उनका कहना था कि पार्क विकसित होने से श्मशान घाट की वीरानगी कम होगी और परिसर में हरियाली के साथ शांत वातावरण तैयार किया जा सकेगा।

सदस्य विकास रंजन ने बताया कि शिक्षाविद् की पुण्यतिथि पर इससे पहले खैरमा और दूसरे वर्ष बालाडीह में पौधरोपण किया गया था। उनके अनुसार दोनों स्थानों पर लगाए गए पौधे अब विकसित होकर परिसर की हरियाली का हिस्सा बन चुके हैं।

कार्यक्रम में गोलू कुमार, हर्ष सिन्हा, सागर कुमार, प्रफुल्ल कुमार झा, आशीष झा, अनिल रावत, राम प्रवेश, गौरव कुमार, दीपक कुमार वर्णवाल, पंकज कुमार, अमरनाथ केशरी, रोहित कुमार झा, मनीष पासवान, प्रीतम कुमार झा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages