जमुई में 1117 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद, तीन गिरफ्तार - City Channel

Breaking

Sunday, September 27, 2026

जमुई में 1117 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद, तीन गिरफ्तार

🔻कटौना में मालवाहक वाहन से 125 पेटी और 3216 बोतल शराब जब्त, धनबाद से मुजफ्फरपुर ले जाई जा रही थी खेप।

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।

जमुई, 27 सितंबर 2026। बिहार में मद्यनिषेध कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जमुई जिला प्रशासन और उत्पाद विभाग की ओर से चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई की गई है। उत्पाद विभाग की टीम ने मलयपुर थाना क्षेत्र के कटौना में एक मालवाहक वाहन से 1117.440 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

जिला प्रशासन के अनुसार, जिला पदाधिकारी के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में उत्पाद विभाग की टीम को शराब की खेप ले जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने गिद्धौर-जमुई मुख्य मार्ग पर कटौना के पास योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की और संदिग्ध मालवाहक वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान वाहन से 125 पेटी में रखी 3216 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा 1117.440 लीटर बताई गई है। टीम ने वाहन संख्या BR 11 GF / 9077 को भी जब्त कर लिया।

धनबाद से मुजफ्फरपुर ले जाई जा रही थी खेप

प्रारंभिक जांच के अनुसार, शराब की यह खेप धनबाद से मुजफ्फरपुर ले जाई जा रही थी। उत्पाद विभाग ने मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरज कुमार (19), नितिन कुमार (21) और सुनील कुमार (29) के रूप में हुई है। उत्पाद विभाग के अनुसार, धीरज कुमार वाहन का चालक है।

प्राथमिकी दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी

मामले में उत्पाद विभाग की ओर से बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।

जिला प्रशासन ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और खरीद-बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन के अनुसार अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


No comments:

Post a Comment

Pages