चंद्रमंडीह थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग को लेकर 14वें दिन भी धरना जारी - City Channel

Breaking

Sunday, September 27, 2026

चंद्रमंडीह थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग को लेकर 14वें दिन भी धरना जारी

🔻कार्रवाई नहीं हुई तो सामूहिक उपवास से आंदोलन तेज करने का ऐलान, कचहरी चौक पर धरनार्थियों ने जताई नाराजगी।

जमुई, 27 सितंबर 2026। चंद्रमंडीह थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार के निलंबन और थाना क्षेत्र में विधि-व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जमुई कचहरी चौक पर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना रविवार को 14वें दिन भी जारी रहा। धरनार्थियों ने जिला प्रशासन की ओर से अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए आंदोलन को और तेज करने का निर्णय लिया है।

धरनार्थियों का आरोप है कि चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र में चोरी, लूट, हत्या, साइबर अपराध और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ जैसी घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। उनका यह भी आरोप है कि थाना प्रभारी की कार्यशैली की उच्चस्तरीय जांच कर कार्रवाई की मांग के बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

धरनार्थियों ने कहा कि 14 दिनों से शांतिपूर्ण तरीके से धरना जारी रहने के बावजूद जिला प्रशासन की ओर से किसी वरीय पदाधिकारी ने उनसे वार्ता नहीं की है। उन्होंने चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र से जुड़े कुछ मामलों का उल्लेख करते हुए थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग दोहराई।

सामूहिक उपवास का निर्णय

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे भाकपा माले के राज्य कमेटी सदस्य बाबू साहब सिंह ने कहा कि 14 दिनों से शांतिपूर्ण आंदोलन के बावजूद प्रशासन की ओर से कार्रवाई नहीं होने से धरनार्थियों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए अब एकदिवसीय सामूहिक उपवास किया जाएगा।

बाबू साहब सिंह ने कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए चंद्रमंडीह थाना प्रभारी की कार्यशैली की जांच कर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए भूख हड़ताल का रास्ता भी अपनाया जा सकता है।

धरनार्थियों ने कहा कि उनका आंदोलन क्षेत्र में कानून-व्यवस्था में सुधार और संबंधित मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग को लेकर है।

धरना कार्यक्रम में लखीसराय से पहुंचे खेत मजदूर नेता संजय अनुरागी, राहुल यादव, सलीम अंसारी, जिब्राइल अंसारी, कुसमी देवी, मुटकी देवी, चैनल नैया, संजय मांझी, तुलसी मांझी, रजंती देवी, अर्जुन मांझी, पड़ि देवी, मालती देवी, मनोज कुमार पांडेय, दूधाली मांझी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages