जमुई के सरकारी स्कूलों पर अब अफसरों की नजर, DM ने हर अधिकारी को स्कूल गोद लेने का दिया टास्क
▪️जिला समन्वय समिति की बैठक में शिक्षा, विकास योजनाओं और जन-शिकायतों की समीक्षा; भवनहीन आंगनबाड़ी केंद्रों को स्कूलों से जोड़ने का निर्देश।
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।
जमुई : जमुई में सरकारी स्कूलों की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन ने नई पहल की है। सोमवार को समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में जिला समन्वय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी ने की।
बैठक में जिले में चल रही विभिन्न विकासात्मक और जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान शिक्षा व्यवस्था में सुधार को प्राथमिकता दी गई।
जिला पदाधिकारी ने मॉडल विद्यालयों सहित सभी सरकारी स्कूलों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, पहुंच पथ और चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जिले के अधिकारियों को एक-एक सरकारी विद्यालय गोद लेने का निर्देश दिया, ताकि स्कूलों के शैक्षणिक माहौल और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जा सके।
बैठक में भवनहीन आंगनबाड़ी केंद्रों को नजदीकी सरकारी विद्यालयों के साथ टैग करने पर भी चर्चा हुई। बीडीओ और सीडीपीओ को आपसी समन्वय से इसकी वास्तविक स्थिति की समीक्षा कर जल्द संयुक्त कार्रवाई प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया गया।
इसके साथ ही जिला पदाधिकारी ने आम लोगों की शिकायतों के निपटारे को लेकर भी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन-शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता समेत जिले के वरीय पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ और सीडीपीओ मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment