चावल लदे ट्रक लूटकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार - City Channel

Breaking

Sunday, August 23, 2026

चावल लदे ट्रक लूटकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

चावल लदे ट्रक लूटकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

300 CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस पहुंची लूटे गए चावल तक, मुजफ्फरपुर के तीन गोदामों से 351 बोरा बरामद

चकाई/झाझा। जमुई पुलिस ने गिरिडीह-चकाई मुख्य मार्ग पर हुए चावल लदे ट्रक लूटकांड का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर मुजफ्फरपुर जिले के अलग-अलग स्थानों पर स्थित गोदामों से लूटे गए 351 बोरा चावल बरामद किया है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है।

रविवार को झाझा एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रभारी एसडीपीओ विकास केशव ने बताया कि 14 अगस्त की रात सरौन गांव के पास चार बदमाशों ने चावल लदे ट्रक को रोककर चालक को बंधक बना लिया था। इसके बाद बदमाश ट्रक लेकर फरार हो गए। चालक को बाद में बेहोशी की हालत में मराची के पेड़ के पास छोड़ दिया गया था।

इस मामले में चावल के मालिक वैशाली जिले के हाजीपुर छोटी मरई धनौती निवासी रतन लाल कुमार ने 16 अगस्त को चकाई थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। एसपी के निर्देश पर प्रभारी एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने जांच के दौरान घटनास्थल से लेकर चालक को छोड़े जाने वाले स्थान तक करीब 300 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस लूटे गए चावल तक पहुंची। जांच में पता चला कि लूटा गया चावल मुजफ्फरपुर पहुंचाया गया था।

इसके बाद पुलिस टीम ने मुजफ्फरपुर के पारू, जैतपुर और करजा थाना क्षेत्रों में छापेमारी की। पारू थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में राजू चौधरी के गोदाम से 215 बोरा, जैतपुर थाना क्षेत्र के पोखरैरा में दीनानाथ कुमार के गोदाम से 91 बोरा और करजा थाना क्षेत्र के नवादा में अनिल कुमार के गोदाम से 45 बोरा चावल बरामद किया गया।

इस तरह पुलिस ने कुल 351 बोरा चावल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार वारदात में चार लोग शामिल थे, जिनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में अनिल साह भी शामिल है। चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। साथ ही ट्रक चालक की भूमिका समेत लूटकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल जारी है। पुलिस के मुताबिक लूटे गए चावल के कुछ बोरे अभी बरामद नहीं हुए हैं। शेष चावल की बरामदगी और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों को पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

No comments:

Post a Comment

Pages