पंचपहाड़ी में प्रेमी-प्रेमिका से लूट, छह घंटे में तीन बदमाश गिरफ्तार - City Channel

Breaking

Sunday, August 23, 2026

पंचपहाड़ी में प्रेमी-प्रेमिका से लूट, छह घंटे में तीन बदमाश गिरफ्तार

पंचपहाड़ी में प्रेमी-प्रेमिका से लूट, छह घंटे में तीन बदमाश गिरफ्तार

मोबाइल, पर्स, चांदी का कड़ा और बाइक लूटी; विरोध करने पर युवक से मारपीट — पुलिस ने लूटा गया सामान किया बरामद।

सोनो। जमुई जिले के सोनो थाना क्षेत्र स्थित पंचपहाड़ी मंदिर के पास 22 अगस्त की दोपहर तीन बदमाशों ने एक प्रेमी-प्रेमिका को लूट लिया। बदमाश दोनों के मोबाइल, पर्स, चांदी का कड़ा और मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। विरोध करने पर युवक के साथ मारपीट भी की गई। घटना के करीब छह घंटे के भीतर सोनो पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

बताया गया कि खैरा थाना क्षेत्र के सिंगारपुर निवासी उमेश कुमार अपनी महिला मित्र के साथ पंचपहाड़ी मंदिर की सीढ़ियों के पास जंगल की ओर एकांत में बैठे थे। इसी दौरान तीन बदमाश वहां पहुंचे और युवक से मोबाइल छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद दोनों के मोबाइल, मोटरसाइकिल की चाबी, युवक का पर्स और हाथ में पहना चांदी का कड़ा छीन लिया और मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए।

छह घंटे में पुलिस ने तीनों को दबोचा

झाझा अंचल के सर्किल इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही सोनो पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने करीब छह घंटे के भीतर सुरेंद्र यादव, परवेज अंसारी और बजरंगी कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

लूटी गई बाइक और मोबाइल बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई मोटरसाइकिल, दोनों मोबाइल, पर्स, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड समेत अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, तीनों ने मिलकर लूट की योजना बनाई थी। वारदात के बाद पर्स में रखे रुपये आपस में बांट लिए गए, जबकि चांदी का कड़ा एक आरोपी ने अपने पास रख लिया।

अन्य रोड क्राइम में भी संलिप्तता की जांच

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने सोनो थाना क्षेत्र में हुए अन्य रोड क्राइम और झाझा थाना क्षेत्र के मामलों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Pages