अब पढ़ाई से जुड़े हर सवाल का मिलेगा जवाब, 700 स्कूलों में ‘बिहार विद्या साथी’ शुरू - City Channel

Breaking

Monday, August 24, 2026

अब पढ़ाई से जुड़े हर सवाल का मिलेगा जवाब, 700 स्कूलों में ‘बिहार विद्या साथी’ शुरू

अब पढ़ाई से जुड़े हर सवाल का मिलेगा जवाब, 700 स्कूलों में ‘बिहार विद्या साथी’ शुरू

▪️मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन किया शुभारंभ, जमुई के 11 सरस्वती विद्या निकेतन विद्यालयों में विद्यार्थियों ने लाइव प्रसारण के जरिए जानी डिजिटल सुविधा।

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।

जमुई, 24 अगस्त 2026। विद्यार्थियों को पढ़ाई से जुड़ी शंकाओं का समाधान विशेषज्ञ शिक्षकों के माध्यम से उपलब्ध कराने की दिशा में बिहार सरकार ने एक नई पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री द्वारा सोमवार को राज्य के 700 सरस्वती विद्या निकेतन विद्यालयों में ‘बिहार विद्या साथी’ का ऑनलाइन माध्यम से एकीकृत शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर जमुई जिले के सभी 10 प्रखंडों में संचालित 11 सरस्वती विद्या निकेतन विद्यालयों में विद्यार्थियों की मौजूदगी में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और सुना गया। विद्यालयों में कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल रहा।

संवाद कक्ष में भी हुआ लाइव प्रसारण

समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में जिला पदाधिकारी की उपस्थिति में ‘बिहार विद्या साथी’ के शुभारंभ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। इसमें आदर्श विद्यालय +2 उच्च विद्यालय, जमुई बाजार के विद्यार्थी, विद्यालय प्रधान, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, माध्यमिक शिक्षा तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी शामिल हुए।

मोबाइल ऐप से 24 घंटे मिलेगी शैक्षणिक मदद

‘बिहार विद्या साथी’ के तहत विद्यार्थियों को 24×7 मोबाइल ऐप के माध्यम से अध्ययन संबंधी सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। पढ़ाई के दौरान किसी विषय या प्रश्न को लेकर विद्यार्थियों को होने वाली शंकाओं का समाधान विशेषज्ञ शिक्षक करेंगे।

इस पहल से विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग मिलेगा। डिजिटल माध्यम से विशेषज्ञ शिक्षकों का मार्गदर्शन विद्यार्थियों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

11 विद्यालयों में विद्यार्थियों ने समझी नई पहल

जमुई जिले के सभी 11 सरस्वती विद्या निकेतन विद्यालयों में विद्यार्थियों ने कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और ‘बिहार विद्या साथी’ की कार्यप्रणाली एवं उपयोगिता को समझा। विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों को इस सुविधा के अधिकतम उपयोग के लिए जानकारी दी गई।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया महत्व

शुभारंभ कार्यक्रम के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सरस्वती विद्या निकेतन +2 उच्च विद्यालय, जमुई बाजार में विद्यार्थियों को ‘बिहार विद्या साथी’ के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान आवश्यक विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।

शिक्षा विभाग की यह पहल विद्यार्थियों को तकनीक से जोड़ते हुए उनकी शैक्षणिक जरूरतों को पूरा करने और अध्ययन के दौरान आने वाली कठिनाइयों के समाधान में मददगार साबित हो सकती है।

No comments:

Post a Comment

Pages