बुढ़ाना समाधान दिवस में 33 शिकायतें पहुंचीं, 5 का मौके पर निस्तारण - City Channel

Breaking

Monday, August 17, 2026

बुढ़ाना समाधान दिवस में 33 शिकायतें पहुंचीं, 5 का मौके पर निस्तारण

बुढ़ाना समाधान दिवस में 33 शिकायतें पहुंचीं, 5 का मौके पर निस्तारण

▪️अवैध मकानों, विकास कार्यों में अनियमितता और बैंक्वेट हॉल की सील खोलकर संचालन की शिकायतों पर डीएम ने दिए जांच और कार्रवाई के निर्देश।

सिटी स्टेट ब्यूरो उत्तरप्रदेश : राजीव शर्मा/मनोज कुमार

बुढ़ाना/मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी उमेश कुमार मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में कुल 33 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में अधिकांश मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और फरियादियों को समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

32 मकानों के अवैध निर्माण की शिकायत

समाधान दिवस में नीमखेड़ी गांव के पूर्व प्रधान जितेंद्र सैनी ने शिकायत दर्ज कराई कि गांव में करीब 32 मकान कथित तौर पर अवैध तरीके से बनाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने अधिकारियों को बताया कि इन मकानों के संबंध में उच्च न्यायालय की ओर से भी कार्रवाई के आदेश जारी हुए हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी उमेश कुमार मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को शिकायत की जांच कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

विकास कार्यों में अनियमितता का आरोप

वहीं हबीबपुर गांव में प्रधान प्रमोद शर्मा के विकास कार्यों में अनियमितता की शिकायत भी समाधान दिवस में पहुंची। शिकायतकर्ता चेतन सैनी ने आरोप लगाया कि गांव में कई विकास कार्यों को कागजों पर पूरा दिखाया गया है, जबकि धरातल पर उनकी स्थिति अलग है।

शिकायतकर्ता ने गांव में जलभराव के दौरान हुए हादसे का जिक्र करते हुए तालाब की खुदाई का मुद्दा भी उठाया। उनका आरोप था कि तालाब की खुदाई का कार्य भी केवल कागजों तक सीमित है, जिसके कारण गांव के विकास और जलनिकासी व्यवस्था पर असर पड़ रहा है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि पूर्व में बुढ़ाना तहसीलदार द्वारा प्रमोद शर्मा के विरुद्ध धारा 67 के तहत जुर्माना लगाया जा चुका है।

रोज गार्डन और फैज गार्डन बैंक्वेट हॉल की सील खोलने की शिकायत

समाधान दिवस में बुढ़ाना में संचालित रोज गार्डन और फैज गार्डन बैंक्वेट हॉल को लेकर भी शिकायत सामने आई। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि करीब डेढ़ माह पहले एसडीएम द्वारा दोनों बैंक्वेट हॉल को सील किया गया था, लेकिन कथित तौर पर सील खोलकर दोबारा उनका संचालन किया जा रहा है।

शिकायत में पार्किंग और अन्य अवैध निर्माण का मुद्दा भी उठाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने एसडीएम बुढ़ाना को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका निष्पक्ष और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में पारदर्शिता और समयबद्धता को प्राथमिकता दी जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Pages