जनता दरबार में डीएम ने सुनीं लोगों की समस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश
▪️भूमि विवाद, राजस्व और विकास योजनाओं समेत 10 से अधिक मामलों पर सुनवाई; डीएम बोले– हर फरियादी को समयबद्ध और पारदर्शी न्याय देना हमारी प्राथमिकता।
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।
जमुई : बिहार सरकार की 'सात निश्चय-3' योजना के तहत 'सबका सम्मान–जीवन आसान' अभियान को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी ने रविवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं जिला पदाधिकारी के समक्ष रखीं।
जनता दरबार में राजस्व, भूमि विवाद, स्थानांतरण, दुकान संचालन, विकास योजनाओं तथा अन्य प्रशासनिक मामलों से जुड़े 10 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। जिला पदाधिकारी ने अधिकांश मामलों पर मौके पर ही आवश्यक निर्देश देकर समाधान की प्रक्रिया शुरू कराई। जिन मामलों का तत्काल निस्तारण संभव नहीं था, उनमें संबंधित जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को दूरभाष पर निर्देश देकर संयुक्त जांच कर निर्धारित समय सीमा में प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया।
सुनवाई के बाद जिला पदाधिकारी ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता दरबार केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोगों को न्याय और राहत दिलाने का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही, अनावश्यक विलंब या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, जनता दरबार में पहुंचे फरियादियों ने जिला प्रशासन की पहल पर संतोष व्यक्त करते हुए अपनी समस्याओं के समाधान को लेकर विश्वास जताया।

No comments:
Post a Comment