भारी बारिश को लेकर अलर्ट, डीएम ने आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की
▪️जल निकासी, स्वास्थ्य सेवाएं, बिजली व्यवस्था और फसल सुरक्षा पर विशेष जोर; 26 से 29 जुलाई तक पंचायतों में लगेंगे फसल बीमा व KCC विशेष शिविर।
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।
जमुई : जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और संभावित आपदा की स्थिति को देखते हुए जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में आपदाकालीन प्रबंधन समूह (CMG) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जलभराव, कृषि, स्वास्थ्य, पशुधन, बिजली तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
डीएम ने नगर परिषद एवं ग्रामीण कार्य विभाग को जलजमाव वाले क्षेत्रों में तत्काल जल निकासी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं बिजली विभाग को जर्जर तारों और बिजली के खंभों की मरम्मत कर संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सतर्क रहने को कहा। निर्माणाधीन पुल-पुलिया और सड़कों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के भी निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान सिविल सर्जन को सभी अस्पतालों में आवश्यक एवं जीवनरक्षक दवाओं, विशेषकर जलजनित बीमारियों से संबंधित दवाओं का पर्याप्त भंडार रखने को कहा गया। जिला पशुपालन पदाधिकारी को पशुओं के लिए टीकों और चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि जिले में अब तक 289.20 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से 64.26 प्रतिशत अधिक है। इससे धान की रोपाई में तेजी आई है। किसानों को प्राकृतिक आपदा से सुरक्षा देने के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए डीएम ने 26 से 29 जुलाई तक पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाने का निर्देश दिया। इन शिविरों में फसल बीमा एवं किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के नवीनीकरण का कार्य किया जाएगा। योजना के तहत किसानों को केवल 2 प्रतिशत प्रीमियम देना होगा, जबकि शेष राशि सरकार वहन करेगी।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने नागरिकों से वज्रपात के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिजली कड़कने के समय खुले मैदान, खेत और पेड़ों के नीचे जाने से बचें, विद्युत उपकरणों का उपयोग न करें तथा समय रहते मौसम की जानकारी के लिए 'इंद्रवज्र' ऐप का उपयोग करें। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

No comments:
Post a Comment