मुख्य सचिव ने की टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा, जमुई के प्रयासों की सराहना; जांच और इलाज में तेजी लाने के निर्देश - City Channel

Breaking

Wednesday, July 22, 2026

मुख्य सचिव ने की टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा, जमुई के प्रयासों की सराहना; जांच और इलाज में तेजी लाने के निर्देश

जमुई को टीबी मुक्त बनाने के लिए DM की बड़ी अपील! 1.30 लाख लोगों की स्क्रीनिंग, मुख्य सचिव ने की जिले के काम की सराहना

▪️मुख्य सचिव ने की टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा, जमुई के प्रयासों की सराहना; जांच और इलाज में तेजी लाने के निर्देश।

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।

जमुई : राज्य को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को लेकर बुधवार को बिहार के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 'टीबी मुक्त भारत अभियान' की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। 

बैठक में जमुई के जिलाधिकारी एवं सिविल सर्जन ने भाग लेकर जिले में टीबी उन्मूलन अभियान की प्रगति और उपलब्धियों की जानकारी दी। समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने टीबी मरीजों के बेहतर उपचार और अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जमुई जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए अभियान को और तेज गति से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया।

बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि 'टीबी मुक्त बिहार अभियान' की सफलता तभी संभव है, जब प्रत्येक चिन्हित मरीज की समय पर जांच और समुचित इलाज सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संवेदनशील (वल्नरेबल) आबादी की शत-प्रतिशत एक्स-रे एवं ट्रूनैट जांच कराने, संक्रमित मरीजों का तत्काल उपचार शुरू करने तथा उनके परिजनों को संक्रमण से बचाव के लिए प्रिवेंटिव मेडिसिन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही इलाजरत मरीजों को 'निक्षय मित्र' योजना के माध्यम से नियमित पोषण सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, जमुई जिले में अब तक 1,30,215 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है, जिनमें 88,368 लोगों को संवेदनशील श्रेणी में चिन्हित किया गया है। मुख्य सचिव ने स्क्रीनिंग की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया, लेकिन चिन्हित आबादी के अनुरूप एक्स-रे और ट्रूनैट जांच की गति बढ़ाने की आवश्यकता बताई।

बैठक के बाद जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से टीबी मुक्त अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि टीबी पूरी तरह से इलाज योग्य बीमारी है और समय पर जांच एवं उपचार से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है।

उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने आसपास आयोजित स्वास्थ्य शिविरों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में जाकर निःशुल्क टीबी जांच कराएं तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि समाज की सामूहिक भागीदारी से ही जमुई को टीबी मुक्त जिला बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

No comments:

Post a Comment

Pages