जमुई के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी! DM बोले- नक्सलवाद नहीं, अब युवाओं का हुनर बनेगा नई पहचान
▪️27 जुलाई तक 'माय भारत' पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील, प्रतिभाशाली युवाओं को राष्ट्रीय मंच तक मिलेगा अवसर।
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।
जमुई : नक्सलवाद से विकास की ओर बढ़ते जमुई को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से बुधवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में युवाओं की प्रतिभा को निखारने, उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने तथा भारत सरकार के 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' अभियान को जिले में प्रभावी ढंग से लागू करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि वर्षों तक नक्सल प्रभावित रहे जमुई की पहचान अब हिंसा नहीं, बल्कि यहां के युवाओं की प्रतिभा, अनुशासन और रचनात्मक सोच से बनेगी। उन्होंने कहा कि 'माय भारत' (mybharat.gov.in) पोर्टल युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रहा है। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायत स्तर तक अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक युवाओं का पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए।
उन्होंने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित इस अभियान के तहत युवाओं को नशामुक्ति और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए संगीत, नृत्य, चित्रकला, कविता पाठ, वाद-विवाद, स्लोगन लेखन, नुक्कड़ नाटक तथा डिजिटल शॉर्ट फिल्म एवं रील निर्माण जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा, जबकि राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवा 14 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय युवा सम्मेलन में भाग ले सकेंगे, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री करेंगे।
उन्होंने जिले के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों, खिलाड़ियों, स्वयंसेवकों और युवाओं से अपील की कि वे 27 जुलाई 2026 तक mybharat.gov.in पोर्टल पर नि:शुल्क पंजीकरण कर अपने हुनर और रुचि के अनुसार इस अभियान से जुड़ें तथा जमुई की सकारात्मक पहचान बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।
जिलाधिकारी ने मीडिया से भी अभियान को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने की अपील करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से जमुई के युवाओं को नई पहचान मिलेगी और जिला विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर होगा।
बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग, जिला खेल पदाधिकारी, जिला युवा पदाधिकारी, एनसीसी एवं स्काउट-गाइड के नोडल पदाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment