घनवेरिया के प्रसिद्ध पेड़ा उद्योग को मिलेगी नई पहचान, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण - City Channel

Breaking

Wednesday, July 22, 2026

घनवेरिया के प्रसिद्ध पेड़ा उद्योग को मिलेगी नई पहचान, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

घनवेरिया के प्रसिद्ध पेड़ा उद्योग को मिलेगी नई पहचान, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

▪️जीआई टैग दिलाने का भरोसा, नवलखा गढ़ के विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने की भी बनी कार्ययोजना।

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।

जमुई : जिले की ऐतिहासिक विरासत, स्थानीय उद्योग और पर्यटन को नई पहचान दिलाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। मंगलवार को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने घनवेरिया स्थित प्रसिद्ध पेड़ा दुकानों का निरीक्षण किया और स्थानीय दुकानदारों व कारीगरों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं और संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान जिलाधिकारी ने घनवेरिया के प्रसिद्ध पेड़े को भौगोलिक संकेतक (GI Tag) दिलाने की दिशा में आवश्यक पहल करने का भरोसा दिलाया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एक-एक दुकान पर पहुंचकर पारंपरिक तरीके से तैयार किए जा रहे पेड़े की निर्माण प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने कारीगरों से पेड़ा बनाने की विधि, गुणवत्ता और वर्षों से चली आ रही परंपरा की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने स्वयं पेड़े का स्वाद भी चखा और उसकी गुणवत्ता, मिठास एवं विशिष्ट स्वाद की सराहना करते हुए कहा कि घनवेरिया का पेड़ा केवल स्थानीय मिठाई नहीं, बल्कि जमुई की सांस्कृतिक पहचान है, जिसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि घनवेरिया की भौगोलिक स्थिति पर्यटन और व्यापार दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यह मार्ग गिद्धेश्वर मंदिर, गरही डैम और भगवान महावीर की जन्मस्थली क्षत्रियकुंड जैसे प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को जोड़ता है। यदि पेड़ा उद्योग को संगठित रूप से विकसित किया जाए तो इससे स्थानीय रोजगार और अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी। जिलाधिकारी ने दुकानदारों से उत्पाद की गुणवत्ता बनाए रखने और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक ने भी दुकानों और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवसायियों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण, सुरक्षित माहौल और पर्यटकों के प्रति अच्छा व्यवहार ही किसी क्षेत्र की सकारात्मक पहचान बनाता है।

भ्रमण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों और प्रबुद्ध नागरिकों ने जिलाधिकारी को घनवेरिया के समीप स्थित ऐतिहासिक नवलखा गढ़ की पुरातात्विक एवं ऐतिहासिक महत्ता से अवगत कराया। ग्रामीणों ने इस धरोहर के संरक्षण एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकास की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि जल्द ही स्थानीय लोगों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित aकर नवलखा गढ़ के संरक्षण, पर्यटन विकास तथा घनवेरिया के पेड़ा उद्योग को संगठित स्वरूप देने की व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

जिलाधिकारी की इस पहल से स्थानीय दुकानदारों, कारीगरों और ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन के सहयोग से घनवेरिया का प्रसिद्ध पेड़ा आने वाले समय में जमुई की नई पहचान बनेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।wQq

No comments:

Post a Comment

Pages