जमुई जिला उद्योग केंद्र को मिले नए महाप्रबंधक, शुभम कुमार ने संभाला पदभार
▪️औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को मिलेगी नई गति, निवर्तमान महाप्रबंधक मितेश कुमार शांडिल्य को दी गई भावभीनी विदाई।
जमुई, 11 जुलाई। बिहार उद्योग सेवा के अधिकारी शुभम कुमार ने शनिवार को जिला उद्योग केंद्र, जमुई के महाप्रबंधक का पदभार ग्रहण कर लिया। वे जिले के 13वें महाप्रबंधक बने हैं। निवर्तमान महाप्रबंधक मितेश कुमार शांडिल्य ने उन्हें विधिवत पदभार सौंपा। श्री शांडिल्य का तबादला जिला उद्योग केंद्र, कटिहार के महाप्रबंधक पद पर हुआ है।
पदभार ग्रहण के बाद जिला उद्योग केंद्र के सभागार में स्वागत एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों और गणमान्य लोगों ने नवागत महाप्रबंधक का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया, जबकि निवर्तमान महाप्रबंधक को उनके कार्यकाल के लिए सम्मानित करते हुए भावभीनी विदाई दी गई।
पदभार संभालने के बाद महाप्रबंधक शुभम कुमार ने कहा कि जिले में औद्योगिक विकास को नई गति देना और रोजगार के अधिक अवसर सृजित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि निवेशकों के लिए पारदर्शी और उद्योग-अनुकूल माहौल तैयार किया जाएगा। साथ ही उद्योगों से जुड़ी सेवाओं को सरल, त्वरित और प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक उद्यमी सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
उन्होंने बताया कि बैंकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर उद्योगों के लिए ऋण स्वीकृति प्रक्रिया को आसान बनाया जाएगा। इसके अलावा उद्योग पंजीकरण, स्वरोजगार योजनाओं और नए निवेश को बढ़ावा देने के लिए विशेष रणनीति के तहत कार्य किया जाएगा। उन्होंने विभागीय टीम के साथ समन्वय स्थापित कर परिणामोन्मुख कार्यशैली अपनाने का संकल्प भी व्यक्त किया।
निवर्तमान महाप्रबंधक मितेश कुमार शांडिल्य ने शुभम कुमार का स्वागत करते हुए उन्हें विभाग की विभिन्न योजनाओं, प्रगति एवं चल रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में जिले में औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
समारोह को वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. पंकज कुमार, जन शिक्षण संस्थान के निदेशक अंशुमान, श्री लंगटा बाबा मेटल्स एंड पावर लिमिटेड के परियोजना प्रबंधक प्रमित कुमार सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन राज्य उद्घोषक डॉ. निरंजन कुमार ने किया।
इसी अवसर पर जिला उद्योग केंद्र के परियोजना प्रबंधक विपिन चंद्र एवं राहुल कुमार को भी स्थानांतरण के उपरांत सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

No comments:
Post a Comment