सिमुलतला आवासीय विद्यालय के विकास का नया रोडमैप तैयार, डीएम की अध्यक्षता में हुई प्रबंध समिति की 29वीं बैठक - City Channel

Breaking

Saturday, July 11, 2026

सिमुलतला आवासीय विद्यालय के विकास का नया रोडमैप तैयार, डीएम की अध्यक्षता में हुई प्रबंध समिति की 29वीं बैठक

सिमुलतला आवासीय विद्यालय के विकास का नया रोडमैप तैयार, डीएम की अध्यक्षता में हुई प्रबंध समिति की 29वीं बैठक

▪️हाई-टेक CCTV निगरानी, शिक्षकों का वार्षिक मूल्यांकन, छात्रों के लिए करियर काउंसलिंग और ग्रीन कैंपस समेत कई अहम फैसले।

सिटी संवाददाता : रामजीवन साहू की रिपोर्ट।

जमुई, 11 जुलाई। सिमुलतला आवासीय विद्यालय को शैक्षणिक उत्कृष्टता, आधुनिक सुविधाओं और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था के नए मुकाम तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में विद्यालय प्रबंध समिति की 29वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, सुरक्षा, पारदर्शिता और आधारभूत संरचना के विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण एवं दूरगामी निर्णय लिए गए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि विद्यालय में होने वाले सभी निर्माण एवं विकास कार्य अब प्रबंध समिति की अंतिम स्वीकृति के बाद ही कराए जाएंगे। वहीं विद्यालय निधि से होने वाले खर्च की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष जांच समिति का गठन किया जाएगा।

शैक्षणिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए पाठ्यक्रम को प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप अपडेट करने, शिक्षकों के लिए ग्रीष्म एवं शीतकालीन अवकाश में विषय विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण आयोजित करने तथा आवश्यकतानुसार नियमित शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्णय लिया गया। साथ ही शिक्षकों का वार्षिक मूल्यांकन किया जाएगा और संतोषजनक प्रदर्शन के आधार पर ही सेवा विस्तार मिलेगा। प्रत्येक शिक्षक के लिए सप्ताह में न्यूनतम 33 कक्षाएं लेना अनिवार्य होगा।

कक्षा 6 एवं 11 में नामांकन के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा का स्तर और बेहतर बनाने के लिए विशेषज्ञों की मदद से नई प्रश्नावली गाइडलाइन तैयार की जाएगी, ताकि वास्तविक प्रतिभाओं का चयन सुनिश्चित हो सके।

बैठक की एक विशेष पहल यह रही कि पहली बार छात्र और छात्राओं के प्रतिनिधियों को भी बैठक में शामिल किया गया। उनके सुझावों के आधार पर विद्यार्थियों के मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए त्रिस्तरीय व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत नियमित शिक्षक-अभिभावक बैठक, करियर काउंसलिंग और कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाएं संचालित की जाएंगी।

विद्यालय परिसर की सुरक्षा को अत्याधुनिक बनाने के लिए पूरे कैंपस में आईपी आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए अभिभावकों को भी निगरानी प्रणाली की लाइव पहुंच उपलब्ध कराने की योजना पर सहमति बनी, ताकि वे अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर आश्वस्त रह सकें।

बैठक में ग्रीन कैंपस की अवधारणा को भी मंजूरी दी गई। इसके तहत परिसर में एनर्जी ऑडिट, वाटर ऑडिट और रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली लागू की जाएगी। साथ ही खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने, नियमित शैक्षणिक भ्रमण आयोजित करने और विद्यार्थियों के लिए बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने का भी निर्णय लिया गया।

विद्यालय में देशभर के शिक्षाविदों और विशेषज्ञों के ठहरने के लिए 'स्वामी विवेकानंद अतिथिशाला' के निर्माण का भी प्रस्ताव स्वीकृत किया गया। इसके अलावा पूर्ववर्ती छात्रों (एलुमनाई) के लिए परिसर में अलग कार्यालय एवं अतिथिशाला उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी।

प्रबंध समिति ने यह भी निर्णय लिया कि सिमुलतला आवासीय विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक पद्धति का लाभ अब जिले के अन्य सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों तक भी पहुंचाया जाएगा। इसके लिए समय-समय पर खेल, कला, शैक्षणिक गतिविधियों और ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, ताकि पूरे जिले में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाया जा सके।

बैठक में ओएसडी (शैक्षणिक) डॉ. शंकर कुमार, शिक्षाविद डॉ. ज्ञानदेव मणि त्रिपाठी, डॉ. निमिषा नोबा, बाल मनोवैज्ञानिक नवीन, जिला शिक्षा पदाधिकारी धनंजय कुमार पासवान, विद्यालय के प्राचार्य शुभम शेखर सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं शैक्षणिक अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages