जीविका दीदियों ने बारिश में भी दिखाई एकजुटता, वार्षिक आमसभा में स्वावलंबन का लिया संकल्प - City Channel

Breaking

Saturday, July 11, 2026

जीविका दीदियों ने बारिश में भी दिखाई एकजुटता, वार्षिक आमसभा में स्वावलंबन का लिया संकल्प

जीविका दीदियों ने बारिश में भी दिखाई एकजुटता, वार्षिक आमसभा में स्वावलंबन का लिया संकल्प 

▪️जमुई सदर प्रखंड की तीन सहकारी समितियों की आमसभा में उमड़ी महिलाओं की भीड़, उत्कृष्ट कार्य करने वाली दीदियां हुईं सम्मानित।

सिटी संवाददाता : रामजीवन साहू की रिपोर्ट।

जमुई, 11 जुलाई। तेज बारिश भी जीविका दीदियों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। शनिवार को जमुई सदर प्रखंड की स्वाभिमान, भारत और दर्पण जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समितियों की वार्षिक आमसभा पूरे उत्साह और जोश के साथ संपन्न हुई। विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में जीविका दीदियों ने भाग लेकर महिला सशक्तिकरण, वित्तीय पारदर्शिता और आत्मनिर्भरता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

झाझा बस स्टैंड स्थित शुक्रदास भवन, दंड और खरगौर में आयोजित आमसभाओं में वित्तीय वर्ष 2025-26 का आय-व्यय विवरण सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। साथ ही समितियों की उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए आगामी वर्ष की कार्ययोजना पर चर्चा की गई और महिला सदस्यों से समूह को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया गया।

दंड स्थित दर्पण समिति की आमसभा का उद्घाटन समिति की अध्यक्ष ललिता देवी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जिला स्तर से प्रबंधक संचार सह प्रखंड मेंटर सुनीता कुमारी, अभिषेक कुमार, कमालुद्दीन, राजीव कुमार सहित जीविका कैडर एवं बड़ी संख्या में दीदियां उपस्थित रहीं। इस दौरान सदर अस्पताल में सफाई कर्मी के रूप में कार्यरत शर्मिला देवी ने अपनी संघर्ष और सफलता की कहानी साझा कर महिलाओं को प्रेरित किया। बेहतर कार्य करने वाले एमआरपी, सीएनआरपी, वीआरपी और लखपति दीदी को सम्मानित भी किया गया।

खरगौर स्थित स्वाभिमान समिति की आमसभा में डीपीएम संजय कुमार ने कहा कि सहकारी समितियां ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने महिलाओं से स्वरोजगार के नए अवसर अपनाने, पारदर्शिता बनाए रखने और सामूहिक प्रयासों से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

वहीं, भारत समिति की आमसभा में मानव संसाधन सह प्रशासन अंजली कुमारी, अमरेंद्र कुमार, प्रभारी बीपीएम दिनेश कुमार दास सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों जीविका दीदियों ने भाग लिया और समितियों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के संकल्प को दोहराया।

गौरतलब है कि जमुई जिले में जीविका द्वारा पोषित कुल 31 महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समितियां संचालित हैं। इन समितियों की वार्षिक आमसभा का उद्देश्य वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करना, वार्षिक उपलब्धियों की समीक्षा करना, भविष्य की रणनीति तय करना तथा अधिक से अधिक महिलाओं को आजीविका से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है।

No comments:

Post a Comment

Pages