चकाई में जीविका महिला सहकारी समितियों की वार्षिक आम सभा संपन्न, पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन पर दिया गया जोर
▪️सैकड़ों जीविका दीदियों ने लिया हिस्सा, आजीविका संवर्धन और महिला सशक्तिकरण की भावी रणनीति पर हुई चर्चा
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट
चकाई/जमुई : चकाई प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में संचालित पांच जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समितियों की वार्षिक आम सभा सोमवार को संपन्न हुई। महिला सशक्तिकरण एवं ग्रामीण स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जीविका दीदियों ने भाग लेकर अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।
आम सभा में आराधना, प्रगतिशील, उड़ान, हिंदुस्तान एवं तिरंगा जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समितियों के वित्तीय वर्ष 2025-26 के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही समूहों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में किए गए सामाजिक कार्यों एवं उपलब्धियों पर चर्चा हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आजीविका संवर्धन, महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा समितियों को और अधिक मजबूत एवं आत्मनिर्भर बनाने की रणनीति तैयार की गई। इस दौरान वित्तीय अनुशासन और कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
चकाई स्थित तिरंगा जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति की आम सभा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार ने कहा कि जीविका से जुड़कर ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के साथ समाज में अपनी अलग पहचान भी स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आज कई महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनकर अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बन रही हैं। उन्होंने सभी सामुदायिक संगठनों को वित्तीय अनुशासन एवं पारदर्शिता बनाए रखने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आम सभा में महिलाओं की बड़ी भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि ग्रामीण महिलाएं अब नेतृत्व की भूमिका निभाने में सक्षम हैं और विकास कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी जीविका दीदियों ने अपनी-अपनी सहकारी समितियों को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और सशक्त बनाने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक एवं आर्थिक बदलाव लाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जीविका के जिला स्तरीय प्रबंधक अमरेंद्र कुमार, रवींद्र कुमार, गणेश कुमार गुंजन, सुजीत कुमार गुप्ता, प्रखंड स्तरीय कर्मी, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित रहीं।

No comments:
Post a Comment