सरधन में भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति) की संगठनात्मक बैठक, 'कुनबा बढ़ाओ अभियान' को मिलेगी नई गति
▪️संगठन विस्तार के तहत कई पदाधिकारियों की नियुक्ति व पदोन्नति, किसान एकजुटता पर दिया गया बल।
सिटी स्टेट ब्यूरो उत्तर प्रदेश : राजीव शर्मा/मनोज कुमार
खतौली : ग्राम सरधन में भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति) की संगठनात्मक बैठक जिला अध्यक्ष ठाकुर नीरज सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, किसान हितों की रक्षा तथा सदस्यता अभियान को गति देने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान संगठन विस्तार के तहत कई पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। दिनेश कुमार को जिला मंत्री, प्रमोद सिंह को ग्राम अध्यक्ष (सरधन), अशोक शर्मा को ब्लॉक सचिव (खतौली) तथा नौशाद खान को नगर महासचिव से पदोन्नत कर नगर अध्यक्ष बनाया गया। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का यूनियन का पटका पहनाकर स्वागत किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष ठाकुर नीरज सिंह ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति) किसानों के अधिकारों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से "कुनबा बढ़ाओ अभियान" के तहत अधिक से अधिक किसानों को संगठन से जोड़ने तथा गांव-गांव तक संगठन का विस्तार करने का आह्वान किया।
बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रदेश सचिव राधे प्रणामी, जिला महासचिव गौरव राजपूत और जिला संगठन मंत्री फिरोज खान ने भी अपने विचार रखते हुए संगठन की मजबूती, किसान एकता और जनसंपर्क अभियान को तेज करने पर बल दिया। जिला उपाध्यक्ष सैयद मुमताज अली भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन अफान अख्तर ने किया। अंत में सभी पदाधिकारियों और किसानों ने संगठन को मजबूत बनाने, किसान हितों की रक्षा करने तथा अधिक से अधिक किसानों को भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति) से जोड़ने का सामूहिक संकल्प लिया।

No comments:
Post a Comment