कारगिल विजय दिवस पर जमुई में लगेगा विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर
- 26 जुलाई को रक्तदान कर शहीदों को दी जाएगी सच्ची श्रद्धांजलि
- प्रबोध जन सेवा संस्थान की पहल।
- सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में होगा आयोजन।
जमुई। कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर आगामी रविवार, 26 जुलाई को जमुई में एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना है।
शिविर का आयोजन सदर अस्पताल परिसर स्थित रक्त केंद्र (ब्लड बैंक), जमुई में किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार रक्तदान शिविर का शुभारंभ प्रातः 10:30 बजे होगा और यह अपराह्न 4 बजे तक संचालित रहेगा। इस दौरान जिले के युवा, सामाजिक कार्यकर्ता, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्य तथा आम नागरिक स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपनी भागीदारी निभाएंगे। शिविर के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया जा रहा है कि रक्तदान करें, यही सच्ची राष्ट्रसेवा, यही सच्ची श्रद्धांजलि।
कारगिल के वीर शहीदों के अदम्य साहस और बलिदान को नमन करते हुए आयोजकों ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील की है। आयोजन का मुख्य संदेश शौर्य को सलाम, मानवता को प्रणाम रखा गया है। आयोजकों ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी गंभीर मरीज के लिए नया जीवन बन सकता है। दुर्घटना, ऑपरेशन, प्रसूति, थैलेसीमिया, कैंसर एवं अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए समय पर रक्त उपलब्ध होना अत्यंत आवश्यक है।
ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान न केवल मानवता की सेवा है, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। रक्तदान शिविर के माध्यम से लोगों को जागरूक करते हुए कहा गया है कि जीवन बचाना सबसे बड़ा दान है। आपका रक्त, किसी की जिंदगी बन सकता है। साथ ही यह भी बताया गया कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है और स्वस्थ व्यक्ति निर्धारित अंतराल पर नियमित रूप से रक्तदान कर सकता है।
प्रबोध जन सेवा संस्थान के सचिव सुमन सौरभ ने जानकारी देते हुए जिले के युवाओं, सामाजिक संगठनों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सभी जागरूक नागरिकों से इस स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम अपने रक्त से किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने में योगदान दें।
उन्होंने कहा कि अधिकाधिक लोगों की सहभागिता से यह शिविर मानवता और राष्ट्रसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण बनेगा।

No comments:
Post a Comment