चकाई में औद्योगिक विकास की तैयारी तेज, निवेशकों के लिए भूमि का निरीक्षण
▪️जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में उच्चस्तरीय टीम ने प्रस्तावित औद्योगिक भूखंडों का किया स्थलीय सत्यापन, रोजगार सृजन पर जोर।
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।
जमुई : जिले में औद्योगिक विकास को गति देने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। इसी क्रम में बुधवार को जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रशासनिक एवं तकनीकी टीम ने चकाई प्रक्षेत्र का दौरा कर औद्योगिक उद्देश्य के लिए चिन्हित भूमि का स्थलीय निरीक्षण और विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण दल में जिला पदाधिकारी के साथ औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (आईडा) के प्रतिनिधि, वन प्रमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप-समाहर्ता तथा जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक शामिल रहे। टीम ने चकाई अंचल के प्रस्तावित औद्योगिक भूखंडों की भौतिक स्थिति, भूमि के स्वरूप, स्वामित्व, अतिक्रमण की स्थिति और भौगोलिक सुगमता का मौके पर सत्यापन किया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भविष्य में उद्योग स्थापित करने वाले निवेशकों को किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या तकनीकी कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
इस दौरान आईडा और उद्योग विभाग के अधिकारियों ने प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र में सड़क संपर्क, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी आकलन किया, ताकि भविष्य में उद्योगों के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध जमुई में संतुलित और समावेशी औद्योगिक विकास जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि चकाई क्षेत्र में उद्योग स्थापित होने से ग्रामीण इलाकों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी, स्थानीय युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार मिलेगा और क्षेत्र की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव आएगा।
उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ भूमि हस्तांतरण और अन्य वैधानिक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन को उम्मीद है कि इन प्रयासों से निकट भविष्य में चकाई क्षेत्र में औद्योगिक निवेश का मार्ग प्रशस्त होगा और जमुई के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।

No comments:
Post a Comment