सिमुलतला आवासीय विद्यालय का होगा कायाकल्प! DM ने किया निरीक्षण, बनेंगे नया प्रशासनिक:: भवन, हाईटेक खेल मैदान और ओपन एयर थिएटर
▪️नए प्रशासनिक भवन, खेल मैदान और ओपन एयर थिएटर के प्रस्तावों की समीक्षा, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तेजी के निर्देश।
सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार
जमुई : जिले के प्रतिष्ठित सिमुलतला आवासीय विद्यालय के आधारभूत ढांचे को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। गुरुवार को जिला पदाधिकारी ने विद्यालय परिसर का विस्तृत निरीक्षण कर प्रस्तावित विकास योजनाओं और निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नए प्रशासनिक भवन, अत्याधुनिक खेल मैदान तथा सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों के लिए ओपन एयर थिएटर के निर्माण प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा परिसर के पुराने भवनों के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम (BSEIDC) द्वारा संचालित निर्माण कार्यों की भौतिक प्रगति का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अभियंताओं को निर्माण कार्य में तेजी लाने और तय मानकों के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने कहा कि सिमुलतला आवासीय विद्यालय का गौरवशाली इतिहास और शैक्षणिक पहचान पूरे राज्य में विशिष्ट है। जिला प्रशासन इस संस्थान को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर विद्यार्थियों को उत्कृष्ट, सुरक्षित और प्रेरणादायक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास और शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार के लिए हर आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाए जा रहे हैं।
इस अवसर पर वन प्रमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता, विद्यालय के प्राचार्य, वरीय वास्तुविद पंकज सिन्हा तथा बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम (BSEIDC) के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और कनीय अभियंता उपस्थित रहे। जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त शैक्षणिक परिसर उपलब्ध कराया जा सके।

No comments:
Post a Comment