जनता की हर शिकायत का होगा समय पर समाधान, जमुई में जनता दरबार में डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
▪️23 आवेदनों पर हुई सुनवाई, भूमि विवाद के सबसे अधिक मामले; कहा- लापरवाही और अनावश्यक विलंब किसी भी हाल में स्वीकार नहीं।
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।
जमुई, 10 जुलाई। आम लोगों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान को लेकर जिला प्रशासन पूरी सक्रियता के साथ काम कर रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार में जिला पदाधिकारी ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में कुल 23 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें सबसे अधिक 13 मामले राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़े थे, जिनमें भूमि विवाद, सीमांकन और दाखिल-खारिज की शिकायतें प्रमुख रहीं। इसके अलावा अनुमंडल लोक शिकायत निवारण कार्यालय से संबंधित 4, ग्रामीण विकास विभाग के 2 तथा पंचायती राज विभाग, विद्युत विभाग और नगर परिषद से जुड़े एक-एक आवेदन भी प्राप्त हुए।
जिला पदाधिकारी ने कई मामलों में तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों से दूरभाष पर बात की और स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का निष्पादन पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ तय समय के भीतर किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले की कार्रवाई रिपोर्ट जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराई जाए।
डीएम ने कहा कि बिहार सरकार के 'सात निश्चय-3' के अंतर्गत 'सबका सम्मान–जीवन आसान' के लक्ष्य को साकार करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जन शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही, टालमटोल या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन की जिम्मेदारी है कि लोगों को समय पर न्याय और सरकारी सेवाओं का लाभ मिले।
जनता दरबार में पहुंचे फरियादियों ने जिला पदाधिकारी द्वारा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए जाने पर संतोष व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि ऐसी पहल से प्रशासन और आम जनता के बीच विश्वास और संवाद मजबूत होता है।

No comments:
Post a Comment