जमुई पुलिस ने सदर थाना लिया गोद, एसपी बोले—व्यवहार, पारदर्शिता और तकनीक से बदलेगी पुलिसिंग
जमुई : पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जमुई पुलिस ने जिले के सदर थाना को गोद लिया है। इस पहल का उद्देश्य केवल थाना परिसर का भौतिक विकास नहीं, बल्कि पुलिस व्यवस्था और कार्यशैली में व्यापक सुधार लाना है।
शुक्रवार शाम सदर थाना पहुंचे पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कहा कि थाने में आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो।
बैठक में लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, मालखाना की सुव्यवस्थित व्यवस्था और डिजिटल पोर्टल के अधिकतम उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। एसपी ने कहा कि आधुनिक तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल से पुलिस कार्यों में पारदर्शिता और गति आएगी।
समीक्षा के दौरान थाने में लंबे समय से खड़े जब्त वाहनों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश भी दिए गए। एसपी ने संबंधित मामलों में न्यायालय और जिला प्रशासन को प्रस्ताव भेजकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने तथा प्रतिदिन कम से कम 20 जब्त वाहनों की पहचान कर उनके निष्पादन की कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस अभियान की निगरानी वे स्वयं करेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यालय की मंशा है कि गोद लिए गए थानों को इस तरह विकसित किया जाए, जहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर पुलिस व्यवस्था, पारदर्शिता और भरोसे का अनुभव हो।

No comments:
Post a Comment