पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह की पुण्यतिथि पर खैरा के पकरी स्थित स्मारक पर श्रद्धांजलि सभा, जनप्रतिनिधियों और समर्थकों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
खैरा/जमुई : जमुई जिले के खैरा प्रखंड अंतर्गत पकरी स्थित किउल नदी किनारे बने स्मारक स्थल पर शनिवार को पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ नेता स्वर्गीय नरेंद्र सिंह की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर उनके परिजनों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में समर्थकों ने स्मारक पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व विधायक अजय प्रताप, मंत्री सुमित कुमार सिंह, उनकी धर्मपत्नी सागर मणि तथा परिवार के अन्य सदस्यों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित करने से हुई। इसके बाद परिवहन मंत्री दामोदर रावत सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भी दिवंगत नेता के चित्र पर माल्यार्पण किया।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान सर्वधर्म प्रार्थना, भजन-कीर्तन और दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। उपस्थित लोगों ने "नरेंद्र बाबू अमर रहें" के नारों के साथ उन्हें याद किया।
वक्ताओं ने नरेंद्र सिंह के राजनीतिक और सामाजिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने छात्र जीवन से ही जनहित के मुद्दों पर संघर्ष किया। वर्ष 1974 के छात्र आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ आपातकाल के दौरान मीसा के तहत नजरबंद भी रहे। वर्ष 1985 में वे चकाई से विधायक चुने गए तथा बाद में चिकित्सा शिक्षा मंत्री और कृषि मंत्री के रूप में स्वास्थ्य एवं कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। कृषि विकास के लिए उन्हें राष्ट्रपति द्वारा कृषि कर्मण सम्मान से भी सम्मानित किया गया था।
कार्यक्रम में उनके पुत्रों ने अपने पिता के जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। श्रद्धांजलि सभा में जमुई सहित अंग क्षेत्र के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। अंत में उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

No comments:
Post a Comment