जनता दरबार की पहल लाई रंग, सड़क हादसे में मृत दो लोगों के आश्रितों को मिला 8 लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान
▪️डीएम ने त्वरित कार्रवाई कर सौंपे चार-चार लाख रुपये के चेक, कहा– संकट की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है जिला प्रशासन।
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।
जमुई: जिला प्रशासन ने जनता दरबार में प्राप्त एक आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले दो व्यक्तियों के आश्रितों को आपदा राहत के तहत चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह अनुदान राशि प्रदान की है। जिला पदाधिकारी ने स्वयं दोनों लाभार्थियों को चेक सौंपकर प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली का परिचय दिया।
यह मामला 6 मई 2026 को हुई सड़क दुर्घटना से जुड़ा है, जिसमें स्वर्गीय कैलाश रावत और स्वर्गीय मंटू रावत की मृत्यु हो गई थी। मृतकों की पत्नियां रानी देवी और पूजा देवी ने पिछले जनता दरबार में राहत राशि मिलने में हो रही देरी को लेकर जिला पदाधिकारी को आवेदन दिया था।
आवेदन प्राप्त होते ही जिला पदाधिकारी ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया और आपदा प्रबंधन विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद दोनों पात्र परिवारों के लिए चार-चार लाख रुपये की दर से कुल आठ लाख रुपये की अनुग्रह अनुदान राशि स्वीकृत की गई। शुक्रवार को जिला पदाधिकारी ने अपने कार्यालय में दोनों आश्रितों को सहायता राशि के चेक सौंपे।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने प्रियजन को खोना अपूरणीय क्षति होती है और उसकी भरपाई किसी भी आर्थिक सहायता से संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि आपदा या दुर्घटना से प्रभावित पात्र परिवारों को बिना अनावश्यक विलंब के सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। प्रशासन इस बात के लिए प्रतिबद्ध है कि लोककल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचे और किसी भी पात्र व्यक्ति को सहायता के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।
जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि प्राकृतिक आपदा, सड़क दुर्घटना अथवा अन्य अधिसूचित आपदाओं से प्रभावित पात्र परिवारों को निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

No comments:
Post a Comment