जनता दरबार में 40 से अधिक मामलों की सुनवाई, भूमि विवाद और पेंशन समस्याओं के त्वरित समाधान पर प्रशासन का जोर
▪️'सात निश्चय-3' के तहत आयोजित जनता दरबार में अधिकांश मामलों का मौके पर हुआ निस्तारण, लंबित प्रकरणों पर अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश।
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।
जमुई: बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'सात निश्चय-3' के तहत आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर आयोजित इस जनता दरबार की अध्यक्षता अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) ने की। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना गया।
जनता दरबार में 40 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सबसे अधिक 31 मामले भूमि विवाद से संबंधित थे। इसके अलावा बिजली, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पुलिस प्रशासन और हर घर नल-जल योजना से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन के मामलों पर विशेष ध्यान देते हुए अपर समाहर्ता ने संबंधित कर्मियों को तत्काल बुलाकर भुगतान में आ रही तकनीकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने लाभुकों को लाइफ वेरिफिकेशन (जीवन प्रमाणीकरण) की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने के निर्देश दिए, ताकि पेंशन भुगतान में आ रही बाधाओं को जल्द दूर किया जा सके।
भूमि विवाद से जुड़े मामलों की समीक्षा के दौरान यह सामने आया कि कई विवाद पारिवारिक बंटवारे से संबंधित हैं। इस पर अपर समाहर्ता ने संबंधित पक्षों को आपसी सहमति और सौहार्दपूर्ण तरीके से विवाद का समाधान निकालने की सलाह दी, ताकि अनावश्यक कानूनी प्रक्रियाओं से बचा जा सके।
जनता दरबार में कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष लंबित मामलों के लिए संबंधित अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अपर समाहर्ता ने कहा कि 'सात निश्चय-3' का उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी सेवाएं सरल, सुलभ और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर जिला जन शिकायत कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी सह वरीय उप समाहर्ता बिनोद प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment