'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान में जमुई ने रचा इतिहास, 48,624 पौधारोपण के साथ बिहार में नंबर-1 - City Channel

Breaking

Friday, July 17, 2026

'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान में जमुई ने रचा इतिहास, 48,624 पौधारोपण के साथ बिहार में नंबर-1

'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान में जमुई ने रचा इतिहास, 48,624 पौधारोपण के साथ बिहार में नंबर-1

▪️पर्यावरण संरक्षण में जमुई बना राज्य का रोल मॉडल, 90 हजार से अधिक विद्यार्थियों और करीब पांच हजार शिक्षकों ने निभाई अहम भूमिका।

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।

जमुई: पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में जमुई जिले ने एक नई मिसाल कायम की है। इको क्लब 'मिशन फॉर लाइफ' के तहत चलाए जा रहे 'एक पेड़ माँ के नाम 3.0' अभियान में जिले ने 48,624 पौधारोपण कर पूरे बिहार में पहला स्थान हासिल किया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार यह उपलब्धि जिला प्रशासन, विद्यालयों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।

राज्यभर में अब तक इस अभियान के अंतर्गत 1,24,433 पौधे लगाए गए हैं, जिनमें अकेले जमुई की हिस्सेदारी लगभग 39 प्रतिशत रही। इस सूची में खगड़िया 10,457 पौधों के साथ दूसरे और सीवान 7,478 पौधों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

अभियान को सफल बनाने में जिले के 90,007 छात्र-छात्राओं और 4,957 शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कुल 94,964 प्रतिभागियों की सहभागिता ने इसे जनआंदोलन का रूप दे दिया। विद्यालयों के माध्यम से अपनी मां के नाम पर लगाए गए पौधे आने वाले वर्षों में जिले के हरित आवरण और जैव विविधता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

जमुई ने केवल पौधारोपण में ही नहीं, बल्कि इको क्लब गठन में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। जिले ने 99.56 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर राज्य में सातवां स्थान प्राप्त किया है। वहीं विद्यार्थियों के डिजिटल रिकॉर्ड से जुड़े अपार (APAAR) कार्ड निर्माण में भी जिला लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। कुल नामांकित विद्यार्थियों में 77.15 प्रतिशत अपार कार्ड बनाकर जमुई राज्य में छठे स्थान पर है, जबकि निजी विद्यालयों में 53.12 प्रतिशत अपार कार्ड निर्माण के साथ जिला तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने अभियान की समीक्षा करते हुए सभी विद्यालय प्रधानों को निर्देश दिया है कि नामांकित विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप शत-प्रतिशत पौधारोपण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही लगाए गए पौधों की लाइव तस्वीरें विभागीय पोर्टल पर अपलोड करने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और जिले की शीर्ष रैंकिंग बरकरार रखी जा सके।

जिला प्रशासन ने शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से और मजबूत बनाने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि हरित पहल और डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में जमुई का यह प्रदर्शन पूरे राज्य के लिए प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरा है।

No comments:

Post a Comment

Pages