जमुई में मानवाधिकार जागरूकता अभियान का शुभारंभ, 25 नए सदस्य और 14 पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
▪️नेशनल ह्यूमन राइट्स वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ इंडिया के कार्यक्रम में मौलिक अधिकारों पर हुई चर्चा, राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य संतोष कुमार पांडे ने लोगों से अधिकारों के प्रति जागरूक होने की अपील की।
सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार
जमुई: शहर के एक निजी होटल के सभागार में नेशनल ह्यूमन राइट्स वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ इंडिया के बैनर तले मानवाधिकार जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरज शाह ने की। इसमें संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को नागरिकों के मौलिक अधिकारों एवं मानवाधिकार संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य संतोष कुमार पांडे, राष्ट्रीय सचिव आशीष कुमार सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह सहित कई राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर संगठन से जुड़े पदाधिकारियों और सदस्यों को सम्मानित भी किया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य संतोष कुमार पांडे ने कहा कि संगठन द्वारा राष्ट्रीय मानवाधिकार जन-जागृति अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जमुई में 25 नए सदस्यों को सदस्यता और 14 पदाधिकारियों को विभिन्न दायित्व सौंपे गए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोगों को उनके मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना और समाज के दबे-कुचले एवं वंचित वर्ग को न्याय दिलाने के लिए आगे आना है।
उन्होंने कहा कि हर नागरिक को अपने अधिकारों की जानकारी होना आवश्यक है। जब लोग अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होंगे, तभी वे अन्याय और शोषण के खिलाफ आवाज उठा सकेंगे। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कई बार लोग अपने अधिकारों की जानकारी के अभाव में उन सुविधाओं का लाभ भी नहीं ले पाते, जिन पर उनका वैधानिक अधिकार होता है।
बिहार प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरज शाह ने कहा कि मानव सेवा उनके जीवन का उद्देश्य रहा है और अब मानवाधिकार संगठन के माध्यम से वे समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर उनके अधिकारों की रक्षा के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि जरूरतमंद और अधिकारों से वंचित लोगों को न्याय दिलाने में सहयोग करना भी है।
उन्होंने कहा कि मानवाधिकार के प्रति जागरूकता बढ़ने से समाज में व्याप्त कई समस्याओं और भ्रष्टाचार पर भी काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है। संगठन आने वाले दिनों में बिहार के विभिन्न जिलों में इसी तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगा। उन्होंने बताया कि जमुई के बाद अभियान लखीसराय सहित अन्य जिलों में भी चलाया जाएगा।
कार्यक्रम में पूजा शर्मा, डॉली कुमारी, अभिषेक, रवि मिश्रा सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment