एनएच-333 पर जानलेवा गड्ढा बना हादसों का कारण - City Channel

Breaking

Saturday, July 11, 2026

एनएच-333 पर जानलेवा गड्ढा बना हादसों का कारण

एनएच-333 पर जानलेवा गड्ढा बना हादसों का कारण

- लगातार हो रही घटनाओं से राहगीरों में दहशत

- विभाग और जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर उठे सवाल

सोनो/जमुई : प्रखंड मुख्यालय स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-333) पर सड़क के बीचों-बीच बना विशाल गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन गया है।

 झाझा-बटिया को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग पर लंबे समय से मौजूद यह गड्ढा आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ा रहा है, लेकिन अब तक पथ निर्माण एवं परिवहन विभाग की ओर से इसकी मरम्मत के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार एनएच-333 क्षेत्र की प्रमुख लाइफलाइन है, जहां से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है।

 इस मार्ग से एंबुलेंस, स्कूल बसें, बच्चों को ले जाने वाले वाहन, टोटो, ट्रक, हाइवा, मालवाहक वाहन तथा बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन गुजरते हैं। सड़क के बीच बने गहरे गड्ढे के कारण वाहन चालकों को हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है, विशेषकर रात के समय और बारिश के दौरान स्थिति और भी भयावह हो जाती है। वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह गड्ढा कई वर्षों से बना हुआ है। 

कई बार संबंधित विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी कोई बड़ा सड़क हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी तय करना मुश्किल होगा।

 स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि सावन माह शुरू होने वाला है। इस दौरान बड़ी संख्या में कांवरिया श्रद्धालु इसी मार्ग से चकाई होते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए रवाना होते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए सड़क की तत्काल मरम्मत कराना अत्यंत आवश्यक है। यदि विभाग समय रहते गड्ढे की मरम्मत करा देता है तो संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है और दर्जनों लोगों की जान सुरक्षित रह सकती है। 

क्षेत्रवासियों ने पथ निर्माण एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों से अविलंब इस जानलेवा गड्ढे की मरम्मत कराने की मांग की है। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी सड़क सुरक्षा के इस गंभीर मुद्दे पर पहल करने का आग्रह किया है, ताकि आम लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

 फिलहाल विभागीय उदासीनता और जनप्रतिनिधियों की चुप्पी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। 

No comments:

Post a Comment

Pages