लक्ष्मीपुर के काला पंचायत में 'नमस्ते योजना' की समीक्षा, स्वच्छता कर्मियों का मौके पर हुआ पंजीकरण
▪️ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, जैविक खाद निर्माण और शत-प्रतिशत शौचालय निर्माण पर जोर, जिला समन्वयक ने दिए कई अहम निर्देश।
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।
जमुई, 11 जुलाई। ग्रामीण स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने और स्वच्छता कर्मियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से शनिवार को लक्ष्मीपुर प्रखंड की काला पंचायत में 'नमस्ते योजना' की प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला समन्वयक राकेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और जनभागीदारी से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक में जिला समन्वयक ने पंचायत के सभी स्वच्छता कर्मियों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके बाद उनकी निगरानी में मौके पर ही 'नमस्ते ऐप' के माध्यम से सभी उपस्थित स्वच्छता कर्मियों का ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण कराया गया।
बैठक में पंचायत में स्थापित नाडेप (NADEP) इकाइयों के माध्यम से जैविक खाद उत्पादन को तेज करने पर भी जोर दिया गया। स्वच्छता पर्यवेक्षक प्रभाकर कुमार को खाद निर्माण की पूरी प्रक्रिया समझाते हुए जल्द उत्पादन शुरू करने के निर्देश दिए गए।
जिला समन्वयक ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से होने वाली आय के पारदर्शी उपयोग पर बल देते हुए कहा कि कबाड़ी को बेचे गए कचरे से प्राप्त राशि ग्राम पंचायत (GPIC) के खाते में जमा की जाए तथा उसका पूरा लेखा-जोखा कैश बुक और रजिस्टर में दर्ज किया जाए।
बैठक में शत-प्रतिशत शौचालय निर्माण के लक्ष्य को लेकर जीविका दीदियों के साथ विशेष चर्चा की गई। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति परिवारों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराकर शौचालय निर्माण के लिए प्रेरित करने की रणनीति बनाई गई। इस दौरान लोगों को संदेश दिया गया कि शौचालय केवल सुविधा नहीं, बल्कि परिवार के सम्मान और गरिमा का प्रतीक है।
स्वच्छता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया के उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया। सभी कम्युनिटी मोबिलाइजर (CM) और जीविका दीदियों को जिला एवं राज्य स्तर के आधिकारिक स्वच्छता सोशल मीडिया पेजों से जोड़ा गया तथा उन्हें इन प्लेटफॉर्मों पर सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया गया।
बैठक में प्रखंड समन्वयक रूबी कुमारी, स्वच्छता पर्यवेक्षक, पंचायत के सभी स्वच्छता कर्मी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment