जमुई में जल्द खुलेगा 'जीविका दीदी हाट,' 25 महिलाओं को मिलेगा रोजगार, DM की बड़ी पहल
▪️झाझा बस स्टैंड स्थित एसजीएसवाई भवन में खुलेगा हाट, 20–25 जीविका दीदियों को मिलेगा प्रत्यक्ष रोजगार।
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।
जमुई, 24 जुलाई : ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन और जीविका ने एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। जल्द ही जमुई सदर प्रखंड के झाझा बस स्टैंड स्थित एसजीएसवाई भवन में ‘जीविका दीदी हाट’ का शुभारंभ किया जाएगा। स्वाभिमान जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी लिमिटेड द्वारा संचालित इस हाट से शुरुआती चरण में 20 से 25 जीविका दीदियों को प्रत्यक्ष स्वरोजगार का अवसर मिलेगा।
जीविका दीदी हाट का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को स्थानीय स्तर पर एक स्थायी और व्यवस्थित बाजार उपलब्ध कराना है। हाट में उपभोक्ताओं को ताजी सब्जियां, फल, किराना सामग्री, डेयरी उत्पाद, मछली-मांस, जन औषधि, स्टेशनरी, सिलाई एवं श्रृंगार सामग्री, कृषि उत्पाद सहित दैनिक उपयोग की कई आवश्यक वस्तुएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी।
हाट के संचालन को सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए पांच सदस्यीय प्रबंधन समिति का गठन किया गया है। समिति सुरक्षा, स्वच्छता, शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की निगरानी करेगी। वहीं दुकानों का आवंटन पूरी पारदर्शिता के साथ लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा।
हाट के सफल संचालन की तैयारियों के तहत शुक्रवार को जीविका जिला कार्यालय स्थित किसान प्रशिक्षण सह सूचना केंद्र में एक दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रशिक्षण में राज्य स्तरीय टीम ने जीविका दीदियों और अधिकारियों को दुकान प्रबंधन, वित्तीय अनुशासन, ग्राहक सेवा, स्वच्छता और गुणवत्ता नियंत्रण सहित हाट संचालन के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण में स्वाभिमान संकुल संघ की जीविका दीदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार ने बताया कि झाझा बस स्टैंड स्थित एसजीएसवाई भवन का भौतिक निरीक्षण पहले ही पूरा किया जा चुका है और हाट शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से न केवल ग्रामीण महिलाओं की आय और सामाजिक-आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय उत्पादों को भी बेहतर बाजार और नई पहचान मिलेगी।

No comments:
Post a Comment