जमुई में ईओयू की बड़ी कार्रवाई, जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी समेत 23 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
▪️संगठित अपराध से जुड़े 2024 के मामले में कार्रवाई, आवास, पेट्रोल पंप और अन्य परिसरों में दस्तावेजों की जांच जारी।
जमुई : आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने मंगलवार सुबह जमुई में बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी, उनके पति गुड्डू यादव तथा उनके सहयोगियों के कुल 23 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई संगठित अपराध से जुड़े वर्ष 2024 में दर्ज एक मामले की जांच के सिलसिले में की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ईओयू की कई टीमों ने एक साथ जमुई के 22 और शेखपुरा के एक ठिकाने पर तलाशी अभियान शुरू किया। छापेमारी के दौरान आवास, पेट्रोल पंप, ससुराल सहित अन्य परिसरों में जमीन, निवेश और वित्तीय दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है।
ईओयू के अपर पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) इंद्र प्रकाश ने बताया कि वर्ष 2024 में दर्ज संगठित अपराध से संबंधित मामले की जांच के तहत यह कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि सभी स्थानों पर छापेमारी पूरी होने के बाद कार्रवाई से संबंधित विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
फिलहाल ईओयू की टीम सभी चिन्हित ठिकानों पर जांच में जुटी हुई है। इस कार्रवाई से जुड़े संभावित खुलासों पर जिलेभर की नजर बनी हुई है।



No comments:
Post a Comment