जीविका एवं बिहार ग्रामीण बैंक के बीच समन्वय बैठक आयोजित, ऋण वितरण और NPA प्रबंधन पर हुई समीक्षा
🔻जमुई और लखीसराय के सभी बीपीएम हुए शामिल, ऋण वसूली और बैंकिंग समन्वय को मजबूत बनाने पर दिया गया जोर
सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार
जमुई : बिहार ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय, जमुई स्थित सभागार में सोमवार को जीविका एवं बिहार ग्रामीण बैंक (बीजीबी) के अधिकारियों के बीच एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जमुई एवं लखीसराय जिले में ऋण वितरण, एनपीए (NPA) एवं पीएनपीए (PNPA) प्रबंधन की समीक्षा की गई तथा इनके प्रभावी नियंत्रण को लेकर रणनीति तैयार की गई।
बैठक की संयुक्त अध्यक्षता बिहार ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक अमरदीप एवं जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार ने की। इस दौरान दोनों जिलों में स्वयं सहायता समूहों को दिए गए ऋणों की स्थिति, पुनर्भुगतान की प्रगति तथा एनपीए नियंत्रण के उपायों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में सभी प्रखंड परियोजना प्रबंधकों को निर्देश दिया गया कि प्रत्येक माह की 8 एवं 9 तारीख को आयोजित होने वाले मासिक ऋण वापसी दिवस को प्रभावी ढंग से संचालित करें। इसके माध्यम से स्वयं सहायता समूहों द्वारा बैंक ऋण (सीसीएल) के समय पर भुगतान तथा ग्राम संगठन स्तर पर आईसीएफ, वीआरएफ एवं सामान्य ऋणों की नियमित वसूली सुनिश्चित की जाएगी।
साथ ही सभी बीपीएम को अपने-अपने प्रखंडों में बैंक प्रबंधकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर ऋण वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने तथा एनपीए की रिकवरी को सुचारू रूप से संचालित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जमुई एवं लखीसराय जिले के सभी प्रखंड परियोजना प्रबंधक, प्रबंधक सूक्ष्म वित्त वीरेन्द्र शर्मा, रौशन कुमार गुप्ता सहित दोनों जिलों के एफआई-नोडल एवं बैंकिंग से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment