विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर निजुआरा पहुंची 544वीं रविवारीय साइकिल यात्रा, पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
🔻सुरक्षित भोजन के लिए स्वच्छ पर्यावरण जरूरी, ग्रामीणों को हरित वातावरण और खाद्य सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक।:
जमुई : विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर "साइकिल यात्रा एक विचार" की 544वीं रविवारीय साइकिल यात्रा खैरा प्रखंड के निजुआरा गांव पहुंची। इस अवसर पर टीम के सदस्यों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं सुरक्षित खाद्य उत्पादन का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान साइकिल यात्रा दल के सदस्यों ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सुरक्षित और पौष्टिक भोजन के लिए स्वच्छ पर्यावरण तथा हरित वातावरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाकर और उनकी नियमित देखभाल कर हम पर्यावरण संतुलन बनाए रख सकते हैं तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित खाद्य व्यवस्था सुनिश्चित कर सकते हैं।
साइकिल यात्रा के सदस्य शैलेश भारद्वाज ने कहा कि खाद्य सुरक्षा केवल भोजन की उपलब्धता तक सीमित नहीं है, बल्कि भोजन की गुणवत्ता और उसकी सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से रासायनिक प्रदूषण को कम करने, जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण के साथ-साथ पर्यावरण जागरूकता पर चर्चा की गई और ग्रामीणों को पेड़ों के संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। उपस्थित लोगों ने भी पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षित खाद्य उत्पादन के लिए मिलकर कार्य करने की बात कही।
इस अवसर पर शैलेश भारद्वाज, राकेश भारद्वाज, सागर कुमार, श्याम तिवारी, रिशु तिवारी, मनोज तिवारी, गोलू कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment