BPSC में सफलता पर अनिकेत कुमार सम्मानित, माता-पिता के योगदान को भी मिला सम्मान
🔹जिला परिषद प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह ने घर पहुंचकर किया अभिनंदन, कहा- युवाओं के लिए प्रेरणा हैं अनिकेत।
सिटी संवाददाता: ब्रह्मदेव प्रसाद यादव की रिपोर्ट।
झाझा/जमुई : झाझा प्रखंड के हथिया पंचायत अंतर्गत सुनरीटांड गांव के निवासी अनिकेत कुमार की बीपीएससी परीक्षा में सफलता पर बुधवार देर शाम को उनके आवास पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिला परिषद प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह, झाझा प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि चंद्रदेव प्रसाद यादव एवं झाझा प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील कुमार चांद बुधवार देर शाम उनके आवास पहुंचकर अनिकेत कुमार को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और बधाई के साथ शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर उनके पिता अरुण दास एवं माता को भी सम्मानित करते हुए उनकी भूमिका की सराहना की गई।
राकेश कुमार सिंह ने कहा कि किसी भी बच्चे की सफलता के पीछे उसके माता-पिता का त्याग, संघर्ष, अनुशासन और संस्कार सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि अनिकेत कुमार की उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि यह उनके माता-पिता की वर्षों की मेहनत, प्रेरणा और विश्वास का प्रतिफल भी है। ऐसे अभिभावक समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत होते हैं।
वहीं झाझा प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि चंद्रदेव प्रसाद यादव कहा कि अनिकेत कुमार ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर न केवल अपने परिवार का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे हथिया पंचायत, झाझा प्रखंड और जमुई जिले को भी गौरवान्वित किया है। उनकी सफलता से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं में नया उत्साह और आत्मविश्वास पैदा हुआ है। बड़ी संख्या में युवा उन्हें अपना आदर्श मानकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
बहिन मौके पर पहुंचे झाझा प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील कुमार चांद ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम है। यदि युवा ईमानदारी, कड़ी मेहनत और दृढ़ निश्चय के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं रहती। उन्होंने कहा कि अनिकेत कुमार की सफलता यह साबित करती है कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं भी कठिन परिश्रम के दम पर उच्च प्रशासनिक सेवाओं में स्थान प्राप्त कर सकती हैं।
कार्यक्रम के अंत में अनिकेत कुमार और उनके माता-पिता को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि अनिकेत आगे भी अपने कार्यों और जनसेवा के माध्यम से समाज, जिले और राज्य का नाम रोशन करते रहेंगे तथा युवाओं के लिए प्रेरणा बने रहेंगे।

No comments:
Post a Comment